
हाइलाइट्स
पंजाब गवर्नर ने दी मुख्यमंत्री भगवंत मान को नसीहत
यौन दुराचार में फंसे मंत्री के खिलाफ जल्द एक्शन लेने को कहा
कहा- उन्हें मंत्रिमंडल में रहने का कोई अधिकार नहीं
रिपोर्ट- एस.सिंह
चंडीगढ़. पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से यौन दुराचार के आरोपों का सामना कर रहे उनके मंत्री लाल चंद कटारुचक के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है. मंत्री पर जघन्य अपराध करने का आरोप लगाते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्हें मंत्रिमंडल में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है. मीडिया से बातचीत करते हुए राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने कहा कि मैं मीडिया माध्यम से फिर से मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाना चाहता हूं कि इस मंत्री के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए.
इससे पहले राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने गुरदासपुर के एक पुरुष पीड़ित द्वारा कटारुचक के खिलाफ दर्ज कराई गई यौन दुराचार की शिकायत के बाद पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया था. इसके बाद पंजाब पुलिस ने मंत्री के खिलाफ यौन दुराचार के आरोप की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार इस मुद्दे को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रही है और विपक्षी दल कटारुचक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर पीड़ित से संपर्क किया
पीड़ित की शिकायत पर संज्ञान लेने के बाद एनसीएससी ने पिछले महीने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को मामले की जांच करने और कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने को कहा था. एनएससीएन ने पीड़ित की शिकायत का हवाला देते हुए कहा था कि मंत्री ने कथित तौर पर 2013-14 में फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर पीड़ित से संपर्क किया था और जब उसने इसे स्वीकार कर लिया, तो कटारुचक ने कथित तौर पर दोस्ती को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया.
punjab news: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के तीन गुर्गे गिरफ्तार, करोड़ों की जबरन वसूली का कर रहे थे धंधा
मंत्री पर क्या हैं आरोप?
पीड़ित ने शिकायत में दावा किया है कि चूंकि वह एक प्रभावशाली व्यक्ति था, उसने मुझे सरकारी नौकरी देने का वादा किया था, जिसके कारण मैं चुप रहा. मैं उस समय कुछ भी समझने के लिए बहुत छोटा था, लेकिन उनकी यौन ज्यादती 2021 तक जारी रही. हालांकि वह मुझसे आखिरी बार 2021 में दिवाली पर मिले थे और उन्होंने न तो मुझे नौकरी दी और न ही उसके बाद मुझसे मिले. कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने फोरेंसिक जांच के लिए राज्यपाल को मंत्री के घोर दुराचार की अत्यधिक आपत्तिजनक वीडियो क्लिप सौंपी थी, हालांकि उन्होंने मंत्री का नाम नहीं लिया था. पुरोहित ने तब कटारुचक के आपत्तिजनक वीडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री मान को भेज दी थी. एक रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो को मॉर्फ नहीं किया गया था.
.
Tags: Bhagwant Mann, CM Punjab
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 10:00 IST









