
हाइलाइट्स
स्वाद से भरपूर मिक्स दाल चीला ब्रेकफास्ट के लिए परफेक्ट रेसिपी है.
मिक्स दाल चीला बनाने के लिए दो या दो से ज्यादा दालों का करें प्रयोग.
मिक्स दाल चीला रेसिपी (Mix Dal Cheela Recipe): चीला का नाम सुनते ही कई लोगों के मुंह में पानी आ जाता है. बेसन के चीलों का स्वाद तो सभी ने कई बार लिया होगा लेकिन आप अगर स्वाद के साथ सेहत को लेकर भी अलर्ट रहते हैं तो मिक्स दाल चीला को ट्राई कर सकते हैं. दो या दो से ज्यादा दालों को मिलाकर चीले का घोल तैयार किया जाता है. ब्रेकफास्ट के लिए मिक्स दाल चीला एक परफेक्ट रेसिपी है जिसे बेहद आसानी से तैयार किया जा सकता है. मिक्स दाल चाली का स्वाद बच्चों को भी काफी पसंद आता है.
आप भी अगर नाश्ते में या फिर दिन में स्नैक्स के तौर पर मिक्स दाल चीला को बनाना चाहते हैं तो बेहद आसान तरीके को फॉलो कर इसे तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं मिक्स दाल चीला बनाने की आसान विधि.
इसे भी पढ़ें: हरी सब्जियों का रंग उतरने नहीं देंगे 4 तरीके, पकाने के बाद भी रहेगा गहरा! फॉलो करें आसान ट्रिक्स
मिक्स दाल चीला बनाने के लिए सामग्री
हरी मूंग दाल – 1/4 कप
पीली मूंग दाल – 1/4 कप
उड़द दाल – 2-3 टेबलस्पून
चना दाल – 2 टेबलस्पून
अदरक-हरी मिर्च पेस्ट – 1 टी स्पून
हल्दी – 1/4 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर – 1/4 टी स्पून
हींग – 2 चुटकी
हरा धनिया कटा – 2-3 टेबलस्पून
तेल – जरूरत के मुताबिक
नमक – स्वादानुसार
मिक्स दाल चीला बनाने की विधि
मिक्स दाल चीला बनाने के लिए सबसे पहले सारी दालों को अच्छी तरह साफ करें और पानी से दो बार धो लें. इसके बाद एक गहरे कटोरे में गर्म पानी डालें और उसमें हरी मूंग, पीली मूंग, उड़द और चना दाल सभी को डालकर 1 घंटे के लिए भिगोकर रख दें. इस दौरान बर्तन को ढक भी दें. तय समय के बाद दालों में से अतिरिक्त पानी को निकाल दें और मिक्सर की मदद से दालें पीसकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.
तैयार पेस्ट को एक गहरे तले वाले बर्तन में डालें और उसमें अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, बारीक कटा हरा धनिया, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और स्वादानुसार नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर पेस्ट को फेंट लें. अब एक नॉनस्टिक तवा गर्म करें. तवा गर्म होने के बाद उस पर थोड़ा सा तेल डालकर चारों ओर फैला लें. इसके बाद एक कटोरी में चीले का घोल लेकर तवे के बीच में डालकर गोल-गोल करते हुए फैला लें.
इसे भी पढ़ें: गर्मी में आम का अचार नहीं पापड़ करें ट्राई, स्वाद ऐसा जो भुलाए नहीं भूलेगा, इस आसान तरीके से फटाफट होगा तैयार
तवे पर चीला पूरी तरह से फैलाने के बाद कुछ देर तक उसे सेकें. कुछ देर बार चीले के किनारों पर थोड़ा सा तेल डालें और चीले को पलट लें और दूसरी ओर थोड़ा सा तेल लगाएं. चीले को दोनों ओर से हल्का सुनहरा होने तक सेकें. इसके बाद चीला प्लेट में उतार लें. इसी तरह सारे घोल की मदद से एक-एक करते हुए मिक्स दाल चीला तैयार कर लें. ब्रेकफास्ट में मिक्स दाल चीला हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें.
.
Tags: Food, Food Recipe, Lifestyle
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 08:02 IST









