यह परम आनंद था, जडेजा ने साबित कर दिया कि खेल में परीकथाएं होती हैं…

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अहमदाबाद. चेन्नई सुपरकिंग्स आईपीएल की नई चैंपियन बन चुकी है. रवींद्र जडेजा ने आईपीएल 2023 की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर चेन्नई सुपरकिंग्स को चैंपियन बनाया. टीम के कोच स्टीफन फ्लेमिंग खेल में परियों की कहानियों में विश्वास नहीं करते. लेकिन रवींद्र जडेजा की बेजोड़ बल्लेबाजी पर उनकी प्रतिक्रिया दिलचस्प रही. जडेजा का आखिरी 2 गेंद पर 10 रन बनाकर चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को पांचवां आईपीएल खिताब दिलाना, फ्लेमिंग को किसी परीकथा जैसी लगती है.

गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल में अंतिम ओवर में जीत के लिए सीएसके को 13 रन की जरूरत थी लेकिन टीम शुरुआती चार गेंद में तीन रन ही बना सकी. रवींद्र जडेजा ने इसके बाद मोहित शर्मा की आखिरी दो गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर टाइटंस से जीत छीन ली. फ्लेमिंग ने सुपरकिंग्स के खिताब जीतने के बाद कहा, ‘वे कहते हैं कि खेल में परियों की कोई कहानी नहीं होती लेकिन आज बहुत अच्छी कहानी थी. पिछले 18 महीने थोड़े मुश्किल रहे, क्योंकि कप्तानी मुश्किल थी, चोट की समस्या थी, उसने (जडेजा ने) खेल से बाहर थोड़ा समय बिताकर वापसी की और टेस्ट टीम में जगह बनाई और फिर सीएसके की टीम में.’

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, ‘हम आखिरी गेंद पर फाइनल हारे हैं जो दिल तोड़ने वाला रहा है. मैं खुद को एक बार फिर दिल टूटने के लिए तैयार कर रहा था जब जडेजा ने छक्का लगाया और इसके बाद दिल भी टूट सकता था और खुशी भी मिल सकती थी, मैं सुनिश्चित नहीं था. लेकिन जब मैंने देखा कि गेंद बाउंड्री की ओर जा रही है तो यह परम आनंद था. यह प्रतियोगिता आपको ऐसे भावनात्मक स्तर तक ले जाती है जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते.’

सीएसके के कोच ने कहा कि पहले हाफ में उनकी टीम ने खराब प्रदर्शन किया लेकिन बारिश से प्रभावित मैच के आगे बढ़ने के साथ टीम बेहतर होती गई और आत्मविश्वास भर गई. फ्लेमिंग ने मुकाबले को अंतिम गेंद तक ले जाने के लिए गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों मोहम्मद शमी और मोहित शर्मा की प्रशंसा की.

उन्होंने कहा, ‘आखिरी के कुछ ओवर काफी कड़े थे. शमी और मोहित ने अच्छी गेंदबाजी की, खासकर मोहित शर्मा ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की.’ डेढ़ दशक से सीएसके के कोच रहे फ्लेमिंग ने भारत के सीनियर बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे की प्रशंसा की जो टीम के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे. रहाणे ने इस दौरान आक्रामक बल्लेबाजी की और जोखिम उठाया.

फ्लेमिंग ने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस ठप्पे से छुटकारा पाया गया कि आप ऐसे खिलाड़ी हैं जो एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी करते रहेंगे. मुझे लगता है कि शायद उसके दिमाग में इसका कुछ ज्यादा ही प्रभाव था और वह उस तरह का खिलाड़ी नहीं बन पा रहा था जिस तरह का हो सकता है.’

उन्होंने कहा, ‘और एक बार जब वह ठप्पा हट गया तो मैंने सत्र पूर्व ट्रेनिंग के बीच में एक व्यक्ति को देखा जो शानदार फॉर्म में था.’ फ्लेमिंग ने कहा कि रहाणे उनकी शुरुआती योजनाओं में शामिल नहीं थे. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने कहा कि आईपीएल से संन्यास लेने वाले अंबाती रायुडू के जाने से टीम में बड़ा खालीपन आ जाएगा. फ्लेमिंग ने कहा, ‘अंबाती रायुडू शानदार खिलाड़ी रहा है. मैं उसे एक बल्लेबाज के रूप में बहुत ऊंचा आंकता हूं और सबसे अच्छी फॉर्म में चल रहे गेंदबजों में से एक मोहित शर्मा के खिलाफ उन तीन गेंद ने इसे साबित किया. उस पर छक्का, चौका और फिर छक्का जड़ना स्तरीय बल्लेबाजी थी.’

Tags: IPL 2023, Ms dhoni, Ravindra jadeja

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें