
हाइलाइट्स
स्वाद से भरपूर दही-आलू की सब्जी कम समय में बनकर तैयार हो जाती है.
इस सब्जी में दही होने से सेहत के लिए भी फायदेमंद होती है.
Dahi Aloo Recipe: खाने के लिहाज से ठंड के मुकाबले गर्मियों का मौसम ज्यादा मुफीद नहीं होता है. गर्मियों में कौन सा खाना कब नुकसानदेह हो जाए पता नहीं चलता है. ऐसे मौसम में सेहत का भी ख्याल रखना होता है. ज्यादातर लोग शरीर को हाइड्रेट रखने वाली चीजों का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि कुछ पानी वाली सब्जियां का भी इस्तेमाल किया जाता है. यदि आप इस मौसम में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो दही आलू बेहतर ऑप्शन है. क्योंकि दही सेहत के लिए फायदेमंद होता है. कई घरों में दही से बनी कई चीजों को इस्तेमाल होता ही है, लेकिन दही आलू का स्वाद एकदम अलग होगा. यदि आप दही और आलू दोनों को खाने का शौक रखते हैं तो आप इस सब्जी को ट्राई करें. यह सब्जी टेस्टी तो होती है, साथ ही कम लागत में कम समय में बनकर तैयार हो जाती है. आइए जानते हैं इसको बनाने का तरीका.
दही आलू बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
दही– 350 ग्राम
आलू– 4-5
देसी घी– 2 टी स्पून
काजू पाउडर– 2 टेबलस्पून
जीरा– 1/2 टी स्पून
लाल मिर्च पाउडर– 1/2 टी स्पून
अदरक बारीक कटा– 1 टी स्पून
टमाटर कटा– 1 (यदि चाहें तो)
हरी मिर्च कटी– 2
बारीक कटा हरा धनिया– 1 टेबलस्पून
नमक– स्वादानुसार
दही आलू बनाने की विधि
दही आलू की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले आलू को एक प्रेशर कूकर की मदद से उबाल लेंगे. अब इन आलुओं के छिलके उतार कर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लेंगे. अब एक मिक्सिंग बाउल लेंगे, उसमें दही को डालकर अच्छी तरह से फेंट लेंगे. इसके बाद इस दही में लाल मिर्च पाउडर, सेंधा नमक, काजू पाउडर डालकर चम्मच की मदद से अच्छे से मिला लेंगे. हालांकि अभी इस मिश्रण को अलग रखेंगे.
अब एक कढ़ाई लेंगे, जिसमें देसी घी डालकर उसे हल्की आंच पर गर्म करने के लिए रख दें. घी के पूरी तरह से पिघलने पर उसमे जीरा एड कर दीजिए. जीरा चटकने पर उसमें अदरक डालकर करीब 2 मिनट तक भून लेंगे. अब इसमे बारीक कटी हरी मिर्च और कटे हुए टमाटर डालकर करीब 2 मिनट तक पकाएं. इसके बाद इस मिश्रण में पहले से काटकर रखे आलू डाल दें. ध्यान रहे कि आलू को मिश्रण के साथ अच्छी तरह मिलने तक करछी चलाते रहें.
आलू जब अधपके हो जाएं तब कढ़ाई को उतार लें और उसमे दही का मिश्रण डाल दें. इसके बाद फिर से हल्की आंच में गैस पर रख दें. आप इस सब्जी को जितना चाहें पानी डालकर पतला कर सकते हैं. अब इस सब्जी को 2 मिनट तक और पकाएं और कढ़ाई को उतार लें. इसके बाद तैयार हो चुकी सब्जी में कटी हुई हरी धनिया पत्ती डाल दें. इस टेस्टी सब्जी को रोटी, पूड़ी या फिर चालव के साथ सर्व कर सकते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 19:27 IST








