
नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर नई संसद में ‘सेंगोल’ (राजदंड) की स्थापना का ‘मजाक’ उड़ाकर ‘विदेशी धरती’ पर भारत का ‘अपमान’ करने का आरोप लगाया. राहुल गांधी जो कि छह दिन के अमेरिका के दौरे पर हैं, ने सैन फ्रांसिस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया और कहा कि नई संसद में सेंगोल का उद्घाटन एक सिर्फ ‘नाटक’ था, ताकि वास्तविक मुद्दों से ‘लोगों का ध्यान हटाया’ जा सके.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए दावा किया कि राहुल गांधी अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भारत का ‘अपमान’ करते हैं क्योंकि वह इस बात को हजम नहीं कर सकते हैं कि ‘पीएम नरेंद्र मोदी बॉस हैं’. ठाकुर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “राहुल गांधी अपनी विदेश यात्राओं के दौरान भारत का अपमान करते हैं. पीएम मोदी ने हाल ही में अपनी विदेश यात्रा के दौरान लगभग 24 देशों के प्रधानमंत्रियों एवं दुनिया के कई राष्ट्रपतियों से मुलाकात की और 50 से अधिक बैठकें कीं और जब ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा कि ‘पीएम मोदी बॉस हैं’, तो राहुल गांधी यह पचा नहीं पाए.”
राहुल गांधी की आलोचना करते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि गांधी परिवार ने सेंगोल को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की चलने वाली छड़ी तक सीमित कर दिया था. पूनावाला ने ट्वीट किया, “राहुल गांधी के परिवार ने पवित्र सेंगोल को नेहरू की चलने वाली छड़ी के रूप में बदल दिया. अब राहुल सेंगोल की स्थापना और उसके लिए पीएम मोदी द्वारा दिए गए सम्मान ((दंडवत प्रणाम) पर अपमानजनक टिप्पणी के जरिए भारतीय संस्थानों पर हमला करने के बाद वे विदेशी धरती पर भारतीय संस्कृति (विशेष रूप से तमिल संस्कृति) का मज़ाक उड़ाते हैं. राहुल गांधी शायद सम्मान दिखाने के भारतीय तरीके की ज्यादा परवाह नहीं करते हैं.’
.
Tags: BJP, Congress, Narendra modi, Rahul gandhi
FIRST PUBLISHED : May 31, 2023, 12:51 IST








