
रामकुमार नायक/महासमुंद: जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर है. महासमुंद जिला प्रशासन द्वारा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. सहायक वर्ग-3, भृत्य, वाहन चालक सहित अन्य पदों पर भर्ती निकली है. अभ्यर्थी 12 जून तक आवेदन कर सकते हैं. यहां जानें अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया तथा अन्य जानकारियां.
पदों की संख्या, वेतन, शैक्षणिक योग्यता
सहायक वर्ग 3 में कुल 38 पदों पर भर्ती होने वाली है. इन पदों पर 5200 से 20200+ ग्रेड पे 1900 के साथ वेतन दिया जाएगा. सहायक वर्ग-03 के लिए आवेदकों को मान्यता प्राप्त शिक्षा मंडल से 10+2 परीक्षा उत्तीर्ण या पुरानी हायर सेकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण के साथ मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय के स्नातक पाठ्यक्रम की प्रथम वर्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए. मान्यता प्राप्त संस्था से डाटा एन्ट्री आपरेटर या प्रोग्रामिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा या प्रमाण पत्र और कम्प्यूटर में हिन्दी टाइपिंग का 5,000 Key डिप्रेशन प्रति घंटा की गति होनी चाहिए. गति के संबंध में कौशल परीक्षा ली जाएगी.
स्टेनो टाइपिस्ट के नौ पद
स्टेनो टाइपिस्ट में कुल 09 पदों पर भर्ती होने वाली है. इसमें 5200 से 20200+ ग्रेड पे 1900 के साथ वेतन दिया जाएगा. स्टेनो टाइपिस्ट के लिए आवेदकों को मान्यता प्राप्त शिक्षा मंडल से 10+2 परीक्षा उत्तीर्ण या पुरानी हायर सेकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण के साथ मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय के स्नातक पाठ्यक्रम की प्रथम वर्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना चाहिए. हिन्दी शीघ्रलेखन में 60 शब्द प्रति मिनट टायपिंग स्पीड होनी चाहिए. और मान्यता प्राप्त संस्था से डाटा एन्ट्री आपरेटर या प्रोग्रामिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा या प्रमाण पत्र तथा डाटा एन्ट्री की गति 5,000 Key डिप्रेशन प्रति घंटा होना चाहिए.
ड्राइवर के पांच पद
वाहन चालक में कुल 05 पदों पर भर्ती होने वाली है. इसमें 5200 से 20200+ ग्रेड पे 1900 के साथ वेतन दिया जाएगा. वाहन चालक के पद के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ शासन से मान्यता प्राप्त संस्था या बोर्ड से आठवीं कक्षा उत्तीर्ण. फोर व्हीलर का स्थायी वैध ड्रायविंग लायसेंस होना चाहिए.
इन पदों पर भी वेकैंसी
इसके अलावा भृत्य के कुल 35 पदों पर भर्ती होने वाली है. इसमें 4750 से 7440+ ग्रेड पे 1300 के साथ वेतन दिया जाएगा. भृत्य पद के लिए आवेदकों को मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्था से कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण होना चाहिए. जिन आवेदकों को छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग द्वारा ली जाने वाली पांचवीं या आठवीं की परीक्षा में प्राप्तांकों के प्रतिशत के स्थान पर ग्रेडेशन दिया जाना निर्धारित है.
निर्धारित आयु सीमा
छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासियों को अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित है. अन्य विशेष वर्गों के लिए अधिकतम आयु सीमा में देय सभी छूट यथावत रहेंगी, लेकिन सभी छूटों को मिलाकर उनके लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष से अधिक नहीं होगी. न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष होगी. आयु की गणना 01 जनवरी, 2023 के आधार पर की जाएगी.
वेबसाइट से लें विस्तृत जानकारी
कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर द्वारा जारी इस विज्ञापन की विस्तृत जानकारी जिसमें पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक व अन्य अर्हता, आयु, चयन की प्रक्रिया, आवेदन पत्र के लिए निर्धारित प्रारूप जैसे महत्वपूर्ण जानकारी के लिए mahasamund.gov.in में देख सकते हैं..
.
Tags: Government jobs, Jobs 18, Jobs news, Mahasamund News
FIRST PUBLISHED : May 30, 2023, 14:12 IST








