
(शैलेन्द्र सिंह)
भोपाल. मध्य प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं. इस चुनावी साल में बीजेपी कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है. इसी कड़ी में उसने विकास यात्राएं भी निकालीं. इसके बाद अब बीजेपी एक बार फिर आम मतदाताओं के बीच में जाएगी. इसके लिए पार्टी एक महीने का विशेष कैंपेन चलाएगी. इस कैंपेन के माध्यम से बीजेपी कार्यकर्ता जनता को न केवल राज्य सरकार की, बल्कि केंद्र सरकार की योजनाओं से भी रूबरू कराएंगे.
पिछले दो दिनों से बीजेपी में लगातार बैठकों का दौर जारी है. यहां अलग-अलग मोर्चे की बैठकें आयोजित की जा रही हैं. इन सब बैठकों में आगामी चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है. बीजेपी इस बात की भी रणनीति तैयार कर रही है कि मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर केंद्र सरकार की योजनाओं को कैसे प्रचारित किया जाए. मध्य प्रदेश में यह कैंपेन इसलिए भी खास हो जाता है, क्योंकि इस साल यहां विधानसभा के चुनाव हैं. ऐसे में बीजेपी संगठन इस कैंपेन को लेकर खासा उत्साहित नजर आ रहा है. 26 मई को जहां ओबीसी और महिला मोर्चा की बैठक आयोजित की गई थी, वहीं, 27 मई को युवा मोर्चा, किसान मोर्चा और एससी-एसटी मोर्चा की बैठक आयोजित की गई. इन बैठकों में मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष मौजूद थे.
बीजेपी हमेशा जनता का भला देखती है- आर्य
इस अभियान से चुनाव में लाभ मिलने के सवाल पर अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि बीजेपी नफा नुकसान के लिए कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं करती. बल्कि, पार्टी की कोशिश है कि प्रदेश की आम जनता को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही हितग्राही योजनाओं का लाभ मिल सके. इसके लिए न केवल प्रयास किया जाता है, बल्कि जनता से योजनाओं के बारे में फीडबैक भी लिया जाता है. जो पात्र हितग्राही छूट रहे होते हैं उन्हें सरकार की योजनाओं के साथ जोड़ा भी जाता है.
कांग्रेस ने कसा तंज
दूसरी ओर, बीजेपी में नए कैंपेन को लेकर चल रही बैठकों पर कांग्रेस प्रवक्ता अपराजिता पांडेय ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि इस कैंपेन का हाल भी विकास यात्रा जैसा होगा. मध्य प्रदेश की जनता विकास यात्राओं के माध्यम से बीजेपी को आइना दिखा चुकी है. माहौल कांग्रेस के पक्ष में है.








