हनीट्रैप में बिजनेसमैन; फेसबुक पर हुई दोस्ती…फिर पति-पत्नी ने हड़पे करोड़ों रुपये

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


अनिल राठी/फरीदाबाद: फरीदाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां हनीट्रैप के जरिए एक बिजनेसमैन से नोएडा में रहने वाले एक दंपत्ति ने करोड़ों रुपये हड़प लिए. पति-पत्नी बिजनेसमैन को ब्लैकमेल कर लगातार पैसे की मांग कर रहे थे. पीड़ित व्यापारी ने पुलिस में आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ शिकायत की, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.

एसएचओ नवीन पराशर ने बताया कि कोरोना काल में पीड़ित बिजनेसमैन की फेसबुक पर ईशा नाम की महिला से दोस्ती हुई थी. ईशा उन्हीं की क्लास में पढ़ती थी. बातचीत के दौरान ईशा ने बताया था कि अब उसकी शादी हो गई है और वह व्यापारी से मिलना चाहती है. जब दोनों मिले तब उनके बीच संबंध भी बने. इसके बाद ईशा ने एक दिन कहा कि वह बिजनेस करना चाहती है और उसे 20 लाख रुपये चाहिए. व्यापारी ने रुपये दे दिए.

आरोप है कि जब व्यापारी ने अपने पैसे वापस मांगे तब ईशा और उसके पति रक्षित ने कहा कि बिजनेस में घाटा चल रहा है. उल्टा तुम 20 लाख रुपये और दे दो. जब व्यापारी ने पैसे देने से मना किया तो रक्षित ने कहा कि मेरी पत्नी के साथ तुमने गलत काम किया है, तुम्हारे खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवाएंगे. साथ ही तुम्हारी पत्नी को भी सारी बातें बताएंगे. इस धमकी के बाद व्यापारी ने 20 लाख रुपये और दे दिए.

डेढ़ करोड़ रुपये हड़पे
आरोप है कि पति-पत्नी ने इसी तरह की धमकियां देकर डेढ़ से 2 करोड़ रुपये हड़प लिए. पीड़ित के अनुसार, व्हाट्सऐप के जरिए ही उसको धमकी दी जाती थी. बताया कि जब परिवार वाले पूछते थे कि पैसे कहां जा रहा हैं, तब घाटे का बहाना बनाना पड़ता था. अभी कुछ दिन पहले आरोपियों ने कहा कि इस मैटर को क्लोज कर देंगे, इसके लिए 5 करोड़ रुपये दे दो. इस दबाव में पीड़ित ने सारी बात अपने परिवार वालों को बता दी.

कंपनी में घुस आई थी ईशा
व्यापारी का आरोप है कि कुछ दिन पहले वह, उसकी पत्नी और चाचा कंपनी में मौजूद थे, तभी ईशा अपने पति रक्षित के साथ फैक्ट्री में जबरन घुस आई और गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगी. इतना ही नहीं, धमकी देकर कहा कि मुझे डेढ़ करोड़ रुपये अभी चाहिए, नहीं तो दिल्ली में तुम्हारे खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दूंगी.

पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस घटना के बाद पीड़ित व्यापारी ने फरीदाबाद पुलिस से मामले की शिकायत की. सूचना पर तुरंत पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ लिया. आरोपियों को अदालत में पेश कर 31 मई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी और रकम भी रिकवर की जाएगी.

.

FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 19:05 IST

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें