
अंकित कुमार सिंह / सीवान. शिक्षा विभाग व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है. ताकि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे भी निजी विद्यालय में मिलने वाली तमाम सुविधाओं से लैस होकर पढ़ाई कर सके. बच्चों को यह महसूस न हो कि उन्हें संसाधनों के अभाव में पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है. वहीं अब सरकारी विद्यालयों में लाइब्रेरी की व्यवस्था होने लगी है. खासकर मध्य और उच्च विद्यालय में लाइब्रेरी की शुरुआत की गई है. बच्चे लाइब्रेरी की मदद से बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकेंगे. खासकर मिडिल स्कूलों में इसकी व्यवस्था की जा रही. पहले लाइब्रेरी की सुविधा सिर्फ हाई स्कूल के बच्चों को मिलती थी. हालांकि, अब स्कूल के बच्चे भी इसका लाभ ले सकेंगे.
छितनपुर विद्यालय से लाइब्रेरी स्थापना की हुई शुरूआत
शिक्षा विभाग से सभी विद्यालयों में लाइब्रेरी की स्थापना करने के आदेश मिलने के बाद सीवान में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के गांव जीरादेई स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय छितनपुर में लाइब्रेरी की शुरूआत की गई है. जहां स्कूल में दीप प्रज्वलित कर पुस्तकालय की स्थापना की गई. अब जिले के सभी मिडिल स्कूलों में लाइब्रेरी की स्थापना की जाएगी.
सरकार की सराहनीय पहल, छात्रों को मिलेगी सहूलियत
प्रधानाध्यापक कामेश्वर मांझी ने बताया कि यह सरकार की सराहनीय पहल है. स्कूल में अगर लाइब्रेरी की स्थापना हो रही है तो छात्र विभिन्न तरह के राइटर की किताबें रुचि के अनुसार पढ़ेंगे. जिससे उन्हें ज्ञान होगा और लाइब्रेरी में हर तरह की किताबें मौजूद रहेगी. जिससे छात्रों को सहूलियत होगी. वहीं जिले के उत्क्रमित, मध्य और उच्च विद्यालयों में लाइब्रेरी का उद्घाटन कर बच्चों को मुफ्त पुस्तक उपलब्ध कराने के लिए कमेटी का भी गठन किया जाएगा. ताकि बच्चों को आसानी से पुस्तकें उपलब्ध हो सके.
सभी विद्यालयों में लाइब्रेरी स्थापना करने का उद्देश्य
डीईओ मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने और बच्चों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर शिक्षा विभाग अलर्ट है. उन्होंने बताया कि जिले के मध्य और उच्च विद्यालय में लाइब्रेरी की स्थापना की जानी है. जिसकी शुरुआत जिले में हो चुकी है. इसकी पंजी बनाई जाएगी कि किस विद्यालय में कितनी पुस्तकें उपलब्ध हैं. इसकी सूचना शिक्षक और छात्रों को भी रहेगी. पुस्तक ले जाकर पढ़ने वाले बच्चों का नाम, कक्षा, माता-पिता का नाम, पता निश्चित रूप से रजिस्टर पर अंकित करना होगा.
.
Tags: Bihar News, Education news, Library, Siwan news, Students
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 17:23 IST








