
उधव कृष्ण, पटना. 25 अप्रैल की तारीख पार हो गई. लेकिन, रांची और पटना के बीच हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Train) की शुरुआत अभी तक नहीं हो पाई है. इस ट्रेन से सफर करने के लिए बिहार और झारखंड के लोगों को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा. बता दें कि इस ट्रेन के परिचालित होने की कई तारीखें निकली, पर उन तारीखों पर ये ट्रेन परिचालित नहीं हो पाई. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इसका नंबर गुवाहाटी- न्यू जलपाईगुड़ी के बीच शुरू हो रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बाद ही आ पाएगा.
नई रूट से चलेगी वंदे भारत ट्रेन
ट्रेन के जून में परिचालित होने की बात पर पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने भी अपनी हामी भरी है. जून में ट्रेन के परिचालित होने पर रेलवे की तैयारी भी तेजी से चल रही है. यह तैयारी कई स्तरों पर हो रही है. लेकिन, इस नए सेमी हाई स्पीड ट्रेन की शुरुआत की तारीख अभी तक तय नहीं हुई है. वंदे भारत एक्सप्रेस को रांची-पटना के बीच नए रूट से ही चलाए जाने की उम्मीद है.
राजेंद्र नगर में टर्मिनल पर मेंटेनेंस वर्क
ट्रेन के लिए इसके रूट से लेकर वाशिंग पीट तक को ठीक किया जा रहा है. बता दें कि इसके तय स्पीड के बारे में अभी तक बताया नहीं गया है. पर उड़ती खबर यह है कि जनशताब्दी एक्सप्रेस समेत पटना- रांची के बीच चलने वाली दूसरी ट्रेनों के मुकाबले वंदे भारत एक्सप्रेस की स्पीड लिमिट काफी अधिक होने वाली है. इस कारण इस रूट के रेलवे ट्रैकों को ठीक किया जा रहा है, ताकि इसके स्पीड का असर रेलवे की ट्रैकों पर न पड़ सके.
रांची से पटना आने पर इस ट्रेन का मेंटेनेंस का काम राजेंद्र नगर के कोचिंग यार्ड में होगा. पटना जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर राजू कुमार के अनुसार अभी तक वंदे भारत एक्सप्रेस के चलने की अधिकारिक सूचना नहीं आई है. लेकिन, इसका चलना तय है. इसके लिए तैयारी हो रही है. रूट को ठीक कराने का काम चल रहा है. पटना आने पर ट्रेन के मेंटेनेंस के लिए राजेंद्र नगर कोचिंग कॉम्प्लेक्स में स्टाफ्स को ट्रेनिंग दी जा रही है.
ये हो सकती है देरी की संभावित वजह
रांची और पटना के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को चलाया जाना है. यह बात इस बार के बजट में ही सामने आ गई थी. रेल मंत्रालय और बोर्ड ने इस पर काम भी शुरू कर दिया था. इसी वजह से 25 अप्रैल से इस ट्रेन को चलाए जाने की बात पहले सामने आई थी. लेकिन, ऐसा हो नहीं पाया. इसके बाद रेलवे के अधिकारियों ने भी चुप्पी साध ली. सूत्र बताते हैं कि इस ट्रेन के चलने में हो रही देरी के पीछे दो मुख्य वजह होने की संभावना है.
पहली संभावना है कि वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए नए कोच बनाए जा रहे हैं और दूसरी वजह ये हो सकती है कि देश में जब भी वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत होती है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झंडा दिखाकर उसे रवाना करते हैं. उनके लगातार व्यस्त होने की वजह से समय नहीं मिल पा रहा हो. हालांकि, इन सब के बावजूद जून में रांची-पटना के बीच इस नए ट्रेन की शुरुआत होने की पूरी उम्मीद की जा रही है.
.
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 13:17 IST








