
नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी में 2024 के लोकसभा चुनाव की प्लानिंग शुरू हो गई है. इसके तहत अलग-अलग कार्यक्रमों की लिस्ट बनाई जा रही है, जिसके जरिये जनता के बीच पहुंचकर सरकार की अच्छी पहलों की जानकारी दी जाए. साथ ही विपक्ष के खिलाफ भी प्लान जारी है. इसी कड़ी में इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अब उत्तर प्रदेश में भाजपा युवा मतदाताओं को इंदिरा द्वारा घोषित “आपातकाल के बारे में जागरूक” करने के लिए अभियान चलाएगी. इस अभियान की शुरुआत इमरजेंसी के वर्षगांठ पर होगी यानी कि 25 जून से यूपी भाजपा की टीम युवाओं की बीच पहुंचनी शुरू हो जाएगी.
युवाओं को देश में लगाई गई इमरजेंसी के बारे में बताया जाएगा
पार्टी के पदाधिकारी ने इंडियन एक्स्प्रेस से बात करते हुए कहा, “25 जून को विशेष कार्यक्रम उन लोगों के लिए आयोजित किया जाएगा, जो आपातकाल के बाद पैदा हुए हैं. वे नहीं जानते कि कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के दौरान देश ने किस तरह की पीड़ा झेली. युवाओं को बताया जाएगा कि कैसे कांग्रेस ने इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र को खत्म कर दिया. समाज के बुद्धिजीवी वर्ग को भी इन आयोजनों में आमंत्रित किया जाएगा. ”
महासंपर्क अभियान की 30 मई से होगी शुरुआत
इसके अलावा उन्होंने कहा, ‘पूर्व में भाजपा ने 25 जून को आपातकाल के दौरान राजनीतिक कैदियों के रूप में कैद लोकतंत्र सेनानी का सम्मान किया था. इस बार युवा मतदाताओं को जागरूक करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.’ यह आयोजन मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर 30 मई से शुरू होने वाले यूपी बीजेपी के महीने भर चलने वाले महासंपर्क अभियान का हिस्सा होगा. पार्टी ने देश के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के आउटरीच की योजना बनाई है.
विकासतीर्थ का अवलोकन के नाम से बीजेपी चलाएगी एक और कार्यक्रम
सोमवार को यानी कि आज महासंपर्क अभियान के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी “मोदी सरकार की नौ साल की उपलब्धियों” पर लखनऊ में मीडिया को संबोधित करेंगे. महीने भर के अभियान के दौरान, भाजपा एक और कार्यक्रम चलाएगी, जिसका नाम “विकासतीर्थ का अवलोकन” है. जिसमें पार्टी विकास परियोजना स्थलों का प्रदर्शन करेगी, जिसे तीर्थ या तीर्थयात्रा कहा जाएगा.
लोगों और मीडिया कर्मियों को विकसित प्रमुख परियोजनाओं के स्थलों पर घुमाया जाएगा
कार्यक्रम के तहत भाजपा नेता और कार्यकर्ता लोगों और मीडियाकर्मियों को केंद्र या राज्य सरकार द्वारा विकसित प्रमुख परियोजनाओं के स्थलों पर ले जाएंगे. स्थानीय सांसद, विधायक और स्थानीय जिला इकाई के पार्टी नेता भी स्थलों का दौरा करेंगे. साथ ही, राज्य के 80 लोकसभा क्षेत्रों में से प्रत्येक में, पार्टी पद्म पुरस्कार विजेताओं, खिलाड़ियों, अभिनेताओं, डॉक्टरों, पूर्व न्यायाधीशों और शहीदों सहित 250 स्थानीय प्रमुख परिवारों की सूची बनाएगी. इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता इन “प्रमुख परिवारों” के घरों का दौरा करेंगे और भाजपा के लिए उनका समर्थन मांगेंगे.
व्यापारियों के साथ होगी बैठक
पार्टी व्यापारियों के साथ बैठक भी करेगी. महीने भर चलने वाले वोटर आउटरीच कैंपेन के दौरान बीजेपी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में 14 तरह के अन्य कार्यक्रम भी आयोजित करेगी. पार्टी सभी लोकसभा क्षेत्रों में रैलियां भी आयोजित करेगी.
.
FIRST PUBLISHED : May 29, 2023, 09:18 IST








