
समस्तीपुर. बिहार के समस्तीपुर में एक बार फिर से अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है. गुरुवार को जिला में एक साथ लूट की तीन बड़ी घटनाएं हुईं और बैंक से लेकर पेट्रोल पंप तक लूट लिये गए. अपराधियों के द्वारा ताबड़तोड़ लूट की तीन बड़ी वारदातों को अंजाम देने के बाद पूरा पुलिस महकमा हिल उठा. अपराधियों के द्वारा समस्तीपुर सदर अनुमंडल इलाके में लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया गया तो वहीं पटोरी अनुमंडल इलाके में भी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया.
लूट की पहली वारदात सरायरंजन थाना क्षेत्र की है जहां के खालिसपुर में दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा से बाइक सवार अपराधियों ने पिस्टल की नोंक पर 2.34 लाख रुपया लूट लिया. ठीक 10 मिनट के बाद सरायरंजन थाना क्षेत्र के ही किशनपुर युसूफ गांव इसके सुंदरम पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया. बाइक सवार अपराधियों ने यहां लगभग तीन लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया.
लूट की इस वारदात के दौरान यहां अपराधियों के द्वारा दो राउंड हवाई फायरिंग भी की गई. दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक और पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी के डीवीआर अपराधी अपने साथ लेकर चले गए और फिर इन्हीं बाइक सवार अपराधियों के द्वारा पटोरी अनुमंडल क्षेत्र के पटोरी थाना अंतर्गत बहादुरपुर में रीवा पेट्रोल पंप पर 1.5 लाख रुपए लूट की वारदात को अंजाम दिया गया. एक साथ लूट की तीन-तीन वारदातों से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.
घटना की जानकारी मिलते ही समस्तीपुर सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय और सरायरंजन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई. इस मामले में सदर डीएसपी ने बताया कि लूट की वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जिले की सीमा को सील कर दिया गया है. अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. रास्ते में लगे सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है.
पटोरी थाना क्षेत्र में भी लूट की सूचना मिलते ही पटोरी थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. इस मामले को लेकर समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया है.
.
Tags: Bihar News, Crime News, Samastipur news
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 20:04 IST








