
आदित्य कुमार/नोएडा. उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्ध नगर के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में 28 लोग घायल हो गए. जबकि इस हादसे में एक बच्चे की मौत भी हो गई. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की सुबह एक बस पंजाब से बिहार की तरफ जा रही थी, तभी बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई.
यह मामला थाना कासना का है. बस (HR66B8016) ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर पलवल की तरफ जा रही थी. इसी दौरान बस की टक्कर एक ट्रक (HR73A0678) से हो गई. थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि सुबह सात बजे के आसपास घटना की जानकारी थाने में मिली थी. उसके बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर पुलिस बल ने राहत कार्य शुरू कर किया था. घटना में 28 लोग घायल हैं. सभी बिहार के निवासी हैं. साथ ही पुलिस ने बताया कि सब पंजाब से बिहार जा रहे थे. घटना में 11 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई है.
कैसे हुई घटना जिसमें घायल हुए 28 लोग
थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला के मुताबिक, प्रत्यक्ष देखने वालों ने बताया कि बस जब पंजाब से चलकर आ रही थी तो किसी कारण से उसे एक्सप्रेस वे पर रुकना था. रुकने के बाद कुछ पीछे चल रही थी, तभी साइड से ट्रक निकला. उसी दौरान ट्रक और बस की टक्कर हो गई. थाना प्रभारी के मुताबिक, टक्कर बहुत तेज थी. इसमें बस क्षतिग्रस्त हो गई. सुबह के समय था जिस कारण सड़क पर वाहनों की भीड़ कम थी. यह घटना और भी बड़ी हो सकती थी. थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि घटना के बाद कुछ देर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति रही, लेकिन बाद में सब नॉर्मल कर दिया गया था.








