
सुनील रजक/ शिवपुरी:दादा और पिता डॉक्टर बनकर मानव सेवा कर रहे हैं तो बेटा भी पीछे नहीं रहना चाहता था. फिलहाल कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रहा है. लेकिन नीट की तैयारी के साथ स्कूल की पढ़ाई भी लगातार चलती रही और इसी का परिणाम है कि शिवम ने 12वीं की प्रदेश मेरिट सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया है.
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं. शिवपुरी जिले का हायर सेकेंडरी का परिणाम 58.49% रहा है. शिवपुरी जिले की एक छात्रा सहित एक छात्र ने मध्य प्रदेश बोर्ड की लिस्ट में टॉप-10 में अपना स्थान बनाया है. शिवम गुप्ता पुत्र वीरेंद्र कुमार ने 476 अंक के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया है.
कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था
छात्र शिवम गुप्ता ने बताया कि वह कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था. आधा समय वह नीट की तैयारी में देते थे और आधा समय बोर्ड की परीक्षा के लिए देता था. इस तरह उसने दसवां स्थान हासिल कर प्रदेश की टॉप-10 लिस्ट में जगह बनाई है. शिवम का सपना डॉक्टर बनना है. शिवम ने बताया कि उनके दादाजी भी डॉक्टर हैं. उनके पिता भी प्राइवेट क्लीनिक में डॉक्टर हैं. उसका लक्ष्य भी डॉक्टर बन कर लोगों की सेवा करना है. उसकी बड़ी बहन भी डॉक्टर बनने की भोपाल से तैयारी कर रही हैं. शिवम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्योंऔर स्कूल के अध्यापकों को दिया है. वहीं शिवम की इस उपलब्धि से परिजन भी फूले नहीं समा रहे हैं.








