
शिखा श्रेया/रांची. अगर आप झारखंड में सरकारी नौकरी की तलाश रहे हैं तो आपके लिए एक बार फिर से जेएसएससी अच्छा अवसर लेकर आया है. दरअसल, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग ने उत्पाद सिपाही के खाली पदों के लिए नियुक्ति का निर्णय किया है, जिसे लेकर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने विज्ञापन निकाला है. इस विज्ञापन का नाम झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 दिया गया है.
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार कुल पदों की संख्या 583 है व आवेदन 1 जून से लेकर 30 जून तक चलेगा. 2 जुलाई की मध्य रात्रि तक परीक्षा शुल्क दिया जा सकता है. फोटो और सिग्नेचर अपलोड कर एप्लीकेशन का प्रिंट आउट 4 जुलाई तक लिया जा सकता है. वहीं, अगर दी गई सूचना में कई कमी रह गई है तो उसे 6 से 8 जुलाई के बीच सुधार किया जा सकता है.
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी. सबसे पहले फिजिकल टेस्ट होगा, जो कि क्वालीफाई होगा. इसके बाद लिखित परीक्षा होगी. इसमें पास करने वाले उम्मीदवार तीसरे चरण यानी मेडिकल टेस्ट के लिए चुने जाएंगे. मेडिकल टेस्ट में खरा उतरने के बाद सफल उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी.
लिखित परीक्षा में 3 पेपर होंगे. पहला पेपर लैंग्वेज का होगा जिसमें कुल 120 प्रश्न होंगे. इसे पास करने के लिए 30 फीसदी अंक लाना जरूरी होगा. वहीं, दूसरा पेपर क्षेत्र एवं जनजातीय भाषा का होगा. पासिंग मार्क्स 30% होगा व तीसरे पेपर में सामान्य अध्ययन, झारखंड राज्य से संबंधित व सामान्य विज्ञान से संबंधित कुल 120 सवाल होंगे व पास होने के लिए 30 फीसदी अंक लाना जरूरी होगा.
वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, ऑनलाइन माध्यम से अप्लाई करना होगा. परीक्षा शुल्क 100 रुपए होंगे. अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क 50 रुपए है. यह नॉन रिफंडेबल है. जिन उम्मीदवारों ने पिछली बार के विज्ञापन में आवेदन किया था, वे अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि डालकर फिर से आवेदन कर सकेंगे. उनको कोई परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा व उम्मीदवार की उम्र सीमा की गणना 20-12-2021 से की जाएगी. अधिक जानकारी व ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए www.jssc.nic.in पर विजिट कर सकते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 26, 2023, 15:50 IST








