
हाइलाइट्स
हत्या की ये घटना बिहार के बेतिया जिला की है
घटना के बाद पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है
पुलिस के मुताबिक मृतक चार दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था
बेतिया. बिहार में जमीनी विवाद में युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई. पहले युवक के शरीर के एक-एक अंग को चाकू से गोदा गया फिर उसे गोली मार दी. हत्या की ये घटना बेतिया की है जहां पुराने विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया. गोपालपुर थाना क्षेत्र के कदमवा गांव में बुधवार की रात करीब 11 बजे गांव के ही कुछ लोगों ने युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी. युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक युवक के शरीर पर एक दर्जन से भी ज्यादा जगह चाकू से वार किया गया है, वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गोपालपुर थाना पुलिस मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा मामले की जांच में जुटी हुई है.
मृतक युवक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के कदमवा गांव निवासी शेख याकूब के 22 वर्षीय पुत्र शेख कमाउद्दीन उर्फ बुचाई के रूप में की गई है. उसके सीने, गला, पेट, पैर पर दर्जनों बार चाकू से वार किया गया है. मृतक के चाचा इमाम हसन ने बताया कि कमाउद्दीन बुधवार की रात खाना खाने के बाद सोने जा रहा था, इसी दौरान गांव का शाहनवाज नामक युवक दो अन्य लोगों के साथ आया और उसे बुलाकर ले गया. घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर गांव के करीब आधे दर्जन लोगों ने उसे घेर लिया.
पहले शरीर पर चाकू से हमला किया और उसके बाद सीने में तीन गोलियां मार दी, जिससे कमाउद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई. इस मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि कदमवा गांव निवासी शेख याकूब और शाहनवाज के घरवालों से पूर्व से ही दो कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. इसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिए जाने की संभावना है. उन्होंने बताया कि मृतक शेख कमाउद्दीन उर्फ बुचाई कुछ ही दिन पहले 4 साल बाद जेल से बाहर आया है. वो शाहनवाज के पिता के हत्या के आरोप में जेल में बंद था.
आपके शहर से (पश्चिमी चंपारण)
.
Tags: Bihar News
FIRST PUBLISHED : May 25, 2023, 15:45 IST








