UPSC Result 2022 : दादा ने कहा था नौकरी करनी है तो IAS-IPS बनो, निर्मल ने 82वीं रैंक लाकर पूरा किया सपना

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


सरफराज आलम/सहरसा. संघ लोक सेवा आयोग-2022 का रिजल्ट जारी हो चुका है. इसमें सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत निवासी दवा दुकानदार कुमार भूषण झा एवं गृहिणी वंदना देवी के पुत्र निर्मल झा ने 82 वां रैंक लाकर अपने माता-पिता का मान बढ़ाया है. निर्मल की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी की लहर देखी है. निर्मल बताते हैं कि उन्होंने लगातार पांच बार यूपीएससी की परीक्षा दी. दूसरे प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचे थे. तीसरे-चौथे अटेंप्ट के दौरान काफी बीमार हो गए. लेकिन शादी के बाद अब पांचवीं बार अच्छा रैंक लाकर सफलता प्राप्त की.

दादाजी का सपना किया पूरा
निर्मल की इस कामयाबी के पीछे एक रोचक कहानी है. दरअसल वर्ष 2014-15 की बात है. तब निर्मल अपने दादाजी शोभाकांत झा के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे. तभी हंसते-हंसते दादा ने निर्मल से कहा कि नौकरी करनी है तो आईएएस या आईपीएस का बनो. निर्मल कहते हैं कि दादाजी तो अब नहीं रहे, लेकिन उनकी यह ख्वाहिश मेरा सपना बन गया. अब यूपीएससी पास कर गया हूं तो लगता है कि दादाजी को सच्ची श्रद्धांजलि दे दिया हूं.

भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर मुंबई में करते हैं जॉब
निर्मल ने बताया कि वर्ष 2007 में चैनपुर हाई स्कूल से बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा 65% अंक से पास की. इसके बाद बहन- बहनोई के घर छत्तीसगढ़ चले गए. वहां एसएस कालीबाड़ी स्कूल में इंटर में नामांकन लेना चाहा, लेकिन वहां 88% से कम अंक वाले का नामांकन नहीं होता था. इसके बाद विशेष आग्रह पर उनका टेस्ट लिया गया, जिसमें 94% अंक मिला तो उनका नामांकन इंटर में हो गया. वहीं से वर्ष 2009 में 90% अंक से पास किया.

इसी दौरान इंजीनियरिंग की परीक्षा भी दी थी. जिसमें भिलाई के दुर्ग स्थित बीटेक कॉलेज में उनका नामांकन हो गया. जहां मैकेनिकल ट्रेड से 4 साल का कोर्स किया. अंतिम परीक्षा के दौरान ही वर्ष 2013 में गेट की भी परीक्षा दी थी. इसमें भी टॉप टेन में उनका रैंकिंग आया. फिर भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर मुंबई में उन्हें जॉब मिल गई. चूंकि टॉप टेन में उन्होंने जगह बनाई थी, इस कारण उन्हें मुंबई हेड ऑफिस में ही जॉब दी गई. जॉब करते हुए उन्होंने यूपीएससी पास की.

मोबाइल से बनाएं दूरी, किताबों से करें दोस्ती
उन्होंने सहरसा सहित बिहार के यूपीएससी की तैयारी करने वाले युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि हार्ड वर्क के साथ-साथ स्मार्ट वर्क भी करना चाहिए. सबसे जरूरी बात यह कि मोबाइल से दूरी बनाकर रखें और किताबों से दोस्ती करें. लेकिन सेहत का भी ख्याल रखना चाहिए. स्वस्थ तन, स्वस्थ मन को जन्म देता है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय स्व. दादा, पिता, मां, पत्नी और बहन-बहनोइयों को दिया है.

Tags: Bihar News in hindi, Upsc result

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें