
हमने एथलीटों और फिल्मी सितारों को ब्यूटी ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग करते देखा है. लेकिन एक अंतरराष्ट्र ब्यूटी ब्रांड ने झुग्गी बस्ती में पली-बढ़ी 14 वर्षीय एक लड़की को मॉडल के रूप में मौका देकर चौंका दिया है.
फॉरेस्ट एसेंशियल कंपनी ने अपने लग्जरी ब्रांड ‘द युवती कलेक्शन’ के लिए धारावी की झुग्गी में पली-बढ़ी 14 वर्षीय मलीशा खारवा को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है. हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट हॉफमैन ने वर्ष 2020 में मलीशा को मुंबई में देखा था. मुंबई के धारावी में एक वीडियो की शूटिंग के दौरान हॉफमैन की नजर मलीशा पर पड़ी. फिर हॉफमैन ने उसके नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट खोला. इसके अलावा, उन्होंने मलीशा के लिए एक गो फंड मी पेज भी बना दिया, जिससे उसे भविष्य के लिए दान मिल सके. 14 साल की मलीशा खारवा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अब सवा दो लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. वह अक्सर अपने पोस्ट पर हैशटैग #princessfromtheslum यानी ‘झुग्गी की राजकुमारी’ का इस्तेमाल करती है. धीरे-धीरे लोकप्रियता मिलने के साथ ही उसने मॉडलिंग भी शुरू कर दी. अब फॉरेस्ट एसेंशियल्स ने अपने एक नए कैंपेन ‘द युवती कलेक्शन’ के लिए मलीशा को ब्रांड एंबेसडर बनाया है. अप्रैल में ब्रांड ने अपने इंस्टाग्राम पर मलीशा का एक वीडियो शेयर किया था. फॉरेस्ट एसेंशियल्स ने इसके कैप्शन में लिखा है, ‘उसका चेहरा शुद्ध आनंद से चमक उठता है, वह अपनी आंखों में सपने को सच होते देख रही है. मलीशा की कहानी सपनों को सच करने की एक सुंदर प्रेरणा होगी.’ इस वीडियो ने घंटे भर में ही इंटरनेट पर मानो तूफान ला दिया. इसे लगभग 50 लाख बार देखा जा चुका है और 4 लाख से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है. नेटिज़न्स ने मलीशा की तारीफ करते हुए उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी. मलीशा खारवा की जिंदगी में सबकुछ खुशनुमा हो ऐसा भी नहीं… धारावी की झुग्गी में जहां वह रहती है, वहां उसे घर में दीवार नहीं, बल्कि तिरपाल से घेरकर गुजर बसर के लिए ठिकाना बनाया गया है. उसमें बिजली कनेक्शन भी नहीं लगा. हालांकि अब मॉडलिंग में मिले मौकों से उसकी जिंदगी में बदलाव आने की उम्मीद है. इस बारे में बात करते हुए मलीशा कहती है, ‘फॉरेस्ट एसेंशियल्स के साथ कैंपेन अब तक का मेरा सबसे बड़ा काम है. मैं एक मॉडल बनना चाहती हूं, लेकिन पढ़ाई पर भी ध्यान देती हूं.’Author: Up Head Line
Views: 28








