
गुलशन सिंह/बक्सर. जिला मुख्यालय में स्थित सांस्कृतिक कला भवन में एकदिवसीय ताइक्वांडो डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप का आयेाजन किया गया. यह प्रतियोगिता बिहार राज्य ताइक्वांडो एसोसिएशन के बैनर तले सम्पन्न हुई. इसमें बक्सर जिले के विभिन्न प्रखंडों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. एकदिवसीय प्रतियोगिता में जिले से कुल 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. जिसमें लड़का और लड़की दोनों खिलाड़ी शामिल रहे.
इस प्रतियोगिता में 2-2 मिनट के तीन राउंड हुए, जिसमें विभिन्न वजन और श्रेणी के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया. इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ताइक्वांडो के राष्ट्रीय रेफरी धर्मयुग कुमार और विशिष्ट अतिथि जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार और संजय कुमार की ओर से संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया.
7 लड़को और 5 लड़कियों ने जीते गोल्ड
बक्सर डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो क्लब के सचिव शैलेश सिंह ने बताया कि इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में जिले से कुल 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में 2-2 मिनट के तीन राउंड हुए थे. प्रतियोगिता शुरू होने के बाद एक-एक कर सभी प्रतिभागियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया. इस दौरान पुरुष वर्ग में जहां 7 खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीता, तो महिला वर्ग में 5 खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल मिला. पुरूष वर्ग में अमन कुमार, सागर कुमार, विकास कुमार, सचिन कुमार, प्रभाकर कुमार, प्रिंस कुमार तथा सौरभ कुमार ने गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. जबकि महिला वर्ग से पल्लवी कुमारी, वैभवी कुमारी, माही कुमारी,अनुष्का और सृष्टि कुमारी ने स्वर्ण पदक हासिल किया.
खिलाड़ी लेंगे स्टेट चैंपियनशिप में हिस्सा
सचिव शैलेश सिंह ने बताया कि सभी विजेता खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय रेफरी धर्मयुग कुमार के हाथों मेडल देकर सम्मानित किया गया. सभी विजेता खिलाड़ियों को आगमी जून महीने में मुजफ्फरपुर में आयोजित होने वाली ताइक्वांडो स्टेट चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए चयनित किया गया है. उन्होंने बताया कि जिलास्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए महिला प्रतिभागियों में काफी उत्साह देखने को मिला. गोल्ड मेडल जीतने वाले ज्यादातर खिलाड़ी पहले भी कई प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर मेडल और प्रशस्ति पत्र अपने नाम कर चुके हैं.
.
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 13:05 IST








