
हिमांशु जोशी/पिथौरागढ़. उत्तराखंड के कई पहाड़ी इलाकों का अधिकतम तापमान 8 डिग्री है. ऐसी जगहों पर गर्मी का एहसास तक नहीं होता, यही वजह है कि यह इलाके पर्यटकों से गुलजार हैं. अगर आप भी गर्मियों की छुट्टियों में कुछ दिन ठंड में आराम करना चाहते हैं तो हम आपको कुछ ऐसी जगहों के बारे में बता रहे हैं. इन दिनों पिथौरागढ़ जिले में हिमालय से लगी वैली पर्यटकों को खूब पसंद आ रही हैं.
पिथौरागढ़ जिले में चार वैली हैं, जिनमें दारमा, व्यास, जौहार और चौदास हैं, ये चारों हिमालयी पर्वत श्रंखलाओं से सजी हुई हैं, जहां अब पर्यटकों को सुविधाएं मिलने लगी हैं. इन दिनों दारमा और व्यास वैली पर्यटकों से गुलजार है. व्यास वैली में ही आदि कैलाश और ओम पर्वत मौजूद हैं और दारमा में पंचाचूली, जिसका दीदार करने देश के कोने से लोग पहुंच रहे हैं. इन वैली में बसे गांव के लोगों ने अपने घरों को होमस्टे में बदला है, जिससे पर्यटक यहां के स्थानीय लोगों के साथ उनके घरों में आसानी से रह सकते हैं और यहां की सभ्यता से रूबरू हो रहे हैं.
ऐसे पहुंचे पिथौरागढ़
पर्यटक मयंक बताते हैं कि दारमा वैली उनकी सबसे पसंदीदा जगह है, इतनी ऊंचाई पर यहां के लोगों के साथ उनके घरों में रहना उन्हें काफी पसंद है. वहीं एक अन्य पर्यटक रश्मि बताती हैं कि यहां के नजारे उन्हें बेहद पसंद हैं. पिथौरागढ़ पहुंचने के लिए नजदीकी रेलवे स्टेशन काठगोदाम है, इसके बाद टैक्सी लेनी पड़ती है.
बेहद सस्ता है होमस्टे
यहां होमस्टे का किराया 1000 रुपए प्रति व्यक्ति है, जिसमें आपको तीन समय का खाना भी मिलता है और 150 साल पुराने घरों में रहने का अनोखा अनुभव भी. अगर आप भी मैदानी इलाकों में पड़ने वाली भीषण गर्मी से परेशान हो रहे हैं तो पिथौरागढ़ के दारमा और व्यास वैली में ठंड के बीच कुछ अच्छा वक्त आसानी से बिता सकते हैं.
.
Tags: Latest hindi news, Pithoragarh news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : May 23, 2023, 13:37 IST








