
हाइलाइट्स
बूंदी शहर के डॉक्टर को फंसाया
एक लाख रुपये और लेते पकड़ी गई
पुलिस ने पिकअप और मोबाइल किया बरामद
बूंदी. कोटा संभाग के बूंदी जिले में डॉक्टर के घर पर झाडू-पौंछा करने वाली बाई ने उसे हनीट्रेप (Honeytrap) कर लिया. उसके बाद अपने पति के साथ मिलकर डॉक्टर को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. मेड (Made) और उसके पति ने डॉक्टर को ब्लैकमेल कर उससे साढ़े छह लाख रुपये वसूल लिए. बाद में उन रुपयों से बाई ने एक पिकअप और मोबाइल खरीदा. लेकिन जब मेड की रुपयों की भूख और बढ़ी तो पीड़ित डॉक्टर पुलिस के पास पहुंचा. पुलिस ने हनीट्रेप करने वाली बाई और उसके पति को दबोच लिया. बाद में उनको गिरफ्तार कर लिया. मेड को जेल भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार यह मामला बूंदी शहर के राजकीय चिकित्सालय में कार्यरत एक डॉक्टर से जुड़ा हुआ है. डॉक्टर को हनीट्रेप करने वाली महिला करीब डेढ़ साल पहले उसके संपर्क में आई थी. उस समय उसने डॉक्टर को गरीबी का हवाला देते हुए सहायता मांगी थी. इस पर डॉक्टर ने उसे घर पर झाडू-पौछा करने के लिए रख लिया. महिला का नाम फोरंता बाई गुर्जर है और वह बूंदी के दबलाना थाना इलाके के अणदगंज गांव की रहने वाली है.
बाई ने केवल 25 दिन ही काम किया था
उसके बाद महिला ने केवल 25 दिन तक ही डॉक्टर के घर पर काम किया. इस दौरान उसने डॉक्टर को हनीट्रेप का शिकार बना लिया. बाद में बदनामी का डर दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. उसके इस काम में उसका पति भी साथ था. दोनों ने मिलकर डॉक्टर से अलग-अलग किस्तों में साढ़े छह लाख रुपये वसूल डाले. उसके बाद भी उनकी रुपयों की भूख कम नहीं हुई.
एक लाख रुपये और मांगे थे
ब्लैकमेल करने वाले दंपति ने डॉक्टर से एक लाख रुपये और मांगे. इससे तंग आकर डॉक्टर ने पुलिस की शरण ली. डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने अपना जाल बिछाकर डॉक्टर के घर पर एक लाख रुपये लेने आए दंपति को शनिवार को रंगे हाथों दबोच लिया. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने डॉक्टर से वसूले गए रुपये से एक पिकअप गाड़ी और मोबाइल खरीदा था. पुलिस ने सोमवार को महिला को जेल भिजवा दिया. उसके पति से और पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने आरोपी दंपति से पिकअप और मोबाइल बरामद कर लिया है.
.
Tags: Bundi, Crime News, Honeytrap, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : May 22, 2023, 20:04 IST








