
MI vs SRH Live Score And Updates: आईपीएल 2023 के 69वें मुकाबले में 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद से होने जा रही है. वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम मुंबई को हर हाल में बड़ी जीत चाहिए, तभी उसके प्लेऑफ की उम्मीद बची रहेगी. टीम का नेट रनरेट माइनस में है. मुंबई ने 13 में से अब तक 7 मैच में जीत दर्ज की है. दूसरी ओर हैदराबाद की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है. ऐसे में वह मुंबई का खेल बिगाड़ना चाहेगी. मैच दाेपहर 3 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा. वहीं टॉस 3 बजे होगा.
आईपीएल 2023 की बात करें, तो मुंबई ने अब तक 13 में से 7 मुकाबले जीते हैं. 6 में उसे हार मिली है. प्वाइंट टेबल में टीम 14 अंक के साथ छठे नंबर पर है. आरसीबी के भी 13 मैच में 14 अंक हैं. लेकिन उसका नेट रनरेट प्लस में है. ऐसे में मुंबई को हैदराबाद के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करना होगी. सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो टीम अब तक 13 में से 4 ही मैच जीत सकी है. 9 में उसे हार मिली है. टीम टेबल में सबसे निचले 10वें पायदान पर है. अब तक गुजरात टाइटंस, चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने प्लेऑफ में जगह बना ली है. अंतिम टीम पर फैसला आज होना है. आज लीग राउंड का अंतिम दिन भी है. कुल 70 मुकाबले खेले जाने हैं. इसके बाद 4 प्लेऑफ के मैच खेले जाएंगे. प्लेऑफ के मैचों की शुरुआत 23 मई से होगी.
दिन के अंतिम मुकाबले में शाम 7.30 बजे से आरसीबी की भिड़ंत गुजरात टाइटंस से होनी है. यह मैच बेंगलुरु में होना है. लेकिन वहां बारिश की संभावना है. मुंबई की टीम यदि अपना मैच जीत लेती है और आरसीबी का मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है तो मुंबई की टीम प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाएगी.








