
अनुज गौतम/सागर. मध्य प्रदेश के सागर (Sagar) जिले के जैसीनगर में बागेश्वर धाम (Bageshwar Dham) के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा (Hanumant Katha) हो रही है. शनिवार को पहले दिन कथा सुनने के लिए लाखों की संख्या में यहां श्रद्धालु पहुंचे. डोम और उसके दोनों तरफ दो बड़े बड़े पंडाल होने के बावजूद जनता को बाहर बैठना पड़ा.
रविवार 21 मई को बागेश्वर धाम का दिव्य दरबार लगेगा. यह दिव्य दरबार दोपहर 12 बजे से लेकर दो बजे तक रहेगा. इसमें देश के कोने-कोने से लोगों के पहुंचने की संभावना है. एक दिवसीय दिव्य दरबार में अपनी अर्जियां लेकर लाखों लोग पहुंचते हैं. दिव्य दरबार में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के द्वारा हनुमान जी महाराज की प्रेरणा से उन लोगों की समस्याएं सुनी और बताई जाती हैं जिनकी अर्जी स्वीकार होती है.
अर्जी स्वीकार होने के बाद उस व्यक्ति का नाम लेकर बुलाते हैं. वो पंडाल में सबसे आगे हो सकता है या सबसे पीछे हो सकता है. यह भी हो सकता है कि वो कहीं घूम रहा हो, लेकिन अर्जी स्वीकार होने पर बाबा के द्वारा उसे मंच पर बुलाया जाता है. बागेश्वर धाम बिना पूछे ही उसके मन में घूम रहे प्रश्नों को पर्चे पर पहले लिख लेते हैं, फिर जब उससे प्रश्न करते हैं और वो अपनी समस्या बताता है वो पर्चे पर लिखी होती है. इस चमत्कार को देख कर लाखों लोग दंग रह जाते हैं. बागेश्वर धाम के पास उसकी समस्या का समाधान भी होता है जिसमें वो मंत्र, देवी देवता की पूजा या अन्य किसी प्रकार की विधि करने से उसके दुख व बाधाएं दूर होने का दावा करते हैं.
दिव्य दरबार में जिसकी अर्जी स्वीकार हो जाती है वो अपने आप को बेहद सौभाग्यशाली समझता है, क्योंकि लाखों लोगों की भीड़ में महज 20 से 25 लोगों की ही अर्जियां स्वीकार की जाती हैं. हालांकि, दिव्य दरबार के अंतिम दौर में पंडित धीरेंद्र शास्त्री सभी की एक साथ अर्जियां लगवाते हैं.
.
Tags: Bageshwar Dham, Dharma Aastha, Mp news, Sagar news
FIRST PUBLISHED : May 21, 2023, 10:17 IST








