
पटना. राजधानी पटना में दर्दनाक हादसा हुआ है. पटना के फतुहा थाना क्षेत्र के कोल्हर पुल के समीप बेलगाम हाइवा ट्रक से कुचलकर बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई. इस हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पीएमसीएच में दोनों शवों का पोस्टमार्टम होने के बाद शव के गांव पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया. मृतकों की पहचान दनियावा के मुंडेरा गांव निवासी हर्ष ठाकुर और उसके 12 वर्षीय साले बिट्टू कुमार के रूप में की गई है.
बताया जाता है कि दनियावा के मुंडेरा गांव निवासी हर्ष ठाकुर अपने बड़े भाई सुमित ठाकुर और अपने 12 वर्षीय साला बिट्टू कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर देर रात दनियावा से पटना आ रहा था. इसी दौरान फतुहा थाना क्षेत्र के कोल्हर पुल के समीप एक बेलगाम हाईवा ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल तीनों को इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान हर्ष ठाकुर की एनएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई.
गंभीर रूप से घायल बिट्टू कुमार को इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर किया गया जहां देर रात इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. दुर्घटना में हर्ष ठाकुर के बड़े भाई सुमित ठाकुर का पैर टूट गया है. परिजनों की मानें तो मृतक हर्ष ठाकुर की पिछले वर्ष ही शादी हुई थी और उनकी पत्नी 8 माह की गर्भवती बताई जाती है. एक साथ जीजा साले की हुई मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है. परिजनों के चित्कार से पूरे गांव में मातम का माहौल कायम हो गया है.








