
नई दिल्ली. सेवारत और सेवानिवृत्त सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम यानी सीजीएचएस (CGHS) के लाभार्थियों के लिए खुशखबरी है. दरअसल, कैशलेस इलाज (Cashless Treatment) की सुविधा अब एम्स भोपाल, भुवनेश्वर, पटना, जोधपुर, रायपुर और ऋषिकेश में सीजीएचएस के लाभार्थियों के लिए उपलब्ध होगी.
एम्स मैनेजमेंट्स द्वारा शनिवार को केंद्र सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद इन 6 एम्स में ओपीडी, जांच और इनडोर उपचार में कैशलेस उपचार उपलब्ध होगा. केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण की उपस्थिति में इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए, एम्स नई दिल्ली, पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ और जेआईपीएमईआर पुडुचेरी में भी सीजीएचएस लाभार्थियों को भी कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी.
CGHS लाभार्थियों के लिए के लिए आसान होगा इलाज
भूषण ने कहा कि 6 एम्स पूरी तरह से फंक्शनल हैं और 10 सालों से ज्यादा वक्त से विशेष और सुपर-स्पेशियलिटी सर्विसेज की पेशकश कर रहे हैं. यह विशेष रूप से सीजीएचएस के सेवानिवृत्त पेंशनभोगियों के लिए फायदेमंद होगा, जिन्हें इलाज के खर्च को लेकर बाद की प्रक्रियाओं को पूरा करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. सीजीएचएस लाभार्थियों को अब परेशानी के बिना इन एम्स में उपलब्ध अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
जल्द इन अस्पतालों में भी मिलेगी सुविधा
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने कहा, ‘निकट भविष्य में एम्स (नई दिल्ली), पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, चंडीगढ़ और जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च, पुडुचेरी को इस समझौते में शामिल किया जाएगा.’
क्या है CGHS
सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम या सीजीएचएस (Central Government Health Scheme) केंद्र सरकार द्वारा संचालित एक हेल्थ स्कीम है. यह स्कीम केंद्र सरकार के कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके परिवारों के लिए हेल्थकेयर सुविधाओं को प्रदान करती है. सीजीएचएस की स्थापना सन् 1954 में हुई थी.
.
Tags: AIIMS, Health Facilities
FIRST PUBLISHED : May 20, 2023, 18:10 IST








