
अमित सिंह/प्रयागराज. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से पीसीएस 2023 प्रारंभिक परीक्षा की आंसर-की जारी कर दी गई है. खास बात यह है कि हफ्ते भर पहले 14 मई को इसकी परीक्षा कराई गई थी. आंसर-की 4 शीटों में है. आयोग की वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर परीक्षार्थी अपने प्रश्नों का मिलान आसानी से कर सकते हैं. अंतिम तिथि से पहले अभ्यर्थी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं.
लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक अजय कुमार तिवारी ने बताया कि आयोग की वेबसाइट पर पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2023 की आंसर-की जारी की गई है. अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वह आंसर की के माध्यम से प्रश्नपत्र का मिलान कर लें. अभ्यर्थियों को किसी भी प्रश्न पर आपत्ति होती है, तो साक्ष्य के साथ मानक के अनुसार आयोग को बंद लिफाफे में भेज दें.
जल्द जारी होगी अंतिम आंसर-की
पेपर फर्स्ट और पेपर सेकंड के लिए अलग-अलग लिफाफे में आयोग को भेजना होगा. डाक से भेजने पर ही इसकी स्वीकृति होगी. दूसरी ओर आयोग के काउंटर पर भी जमा किया जा सकता है. अभ्यर्थियों को 24 मई 2023 के भीतर प्रत्यावेदन करना है. सभी आपत्तियों को देखते हुए आयोग अपनी अंतिम आंसर-की जल्द जारी करेगा.








