
गुलशन सिंह/बक्सर. सदर प्रखंड क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में डीएम अंशुल अग्रवाल ने गोबर धन योजना के तहत बायोगैस प्लांट निर्माण के लिए नारियल फोड़कर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया. इसके माध्यम से दो दर्जन से ज्यादा घरों में गोबर गैस ईंधन के रूप में उपलब्ध होगा. जिसको लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह दिखा. वहीं तपती धूप में भी ग्रामीण अधिकारियों के साथ खड़े होकर उनका सहयोग करते नजर आए. इसके अलावा जगदीशपुर पंचायत के कुल्हड़िया ग्राम में लोहिया स्वच्छता बिहार अभियान के अंतर्गत अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का भी उद्घाटन डीएम ने फीता काटकर किया.
7.49 लाख से अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई का हुआ है निर्माण
गोवर्धन योजना के बारे में जानकारी देते हुए डीएमअंशुल अग्रवाल ने बताया कि जगदीशपुर पंचायत में गोबर धन योजना के तहत बॉयो गैस प्लांट का भूमि पूजन का कार्य सम्पन्न किया गया. इसके साथ ही अब प्लांट का निर्माण कार्य भी शुरू होगा. वहीं कुल्हड़िया ग्राम में लोहिया स्वच्छता बिहार अभियान अंतर्गत अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के निर्माण में कुल लागत राशि 7 लाख 49 हजार 769 रुपए आया है. उन्होंने बताया कि लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत गांव से निकलने वाले कचरे को अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई के माध्यम से सभी तरह के कचरे को अलग-अलग चैंबर में रख कर उसका निस्तारण किया जाएगा. अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई प्रत्येक वार्ड से स्वच्छता कर्मियों द्वारा पैडल रिक्शा से कचरा का उठा कर, उसका पृथक्करण का कार्य किया जाएगा. इसके लिए 14 रिक्शा उपलब्ध कराया गया है.
एक प्लांट से 20-25 परिवार को मिलेगा गैस
डीएम अंशुल अग्रवाल ने बताया कि जगदीशपुर पंचायत में गोबर धन योजना के तहत गोबर से बायो गैस तैयार किया जाएगा. जिससे 20-25 परिवारों को घर-घर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने बताया कि इसमें जैविक खाद भी तैयार किया जाएगा. यह योजना ग्रामीण इलाके के पशुपालक किसानों के लिए वरदान साबित होगा. जिनके पशु के गोबर भी अब धन के रूप में उन्हें लाभान्वित करेगा. उन्होंने बताया कि भविष्य में यह योजना सतत रूप से चलता रहे. इसको लेकर ग्रामीणों से भी बातचीत कर सहयोग मांगा गया है. डीएम ने बताया कि गोबरधन योजना का सीधा लाभ पशुपालकों को मिलेगा क्योंकि, इस प्लांट के बनने पर गोबर किसानों से खरीदा जाएगा और उससे बनने वाले बॉयो गैस की सप्लाई गांव के घरों में दी जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 14:00 IST








