
भोपाल. मध्य प्रदेश में हिज्ब-उत-तहरीर (HUT) संगठन के नेटवर्क का खुलासा करने के बाद एटीएस की पड़ताल में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही है. सौरभ राजवैध से सलीम बनने वाले युवक का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह तकरीर कर रहा है और मौजूद लोगों को बता रहा है कि असली इस्लाम क्या है. जो वीडिया सामने आया है उसमें सलीम बताता है कि हमें कल्चरल इस्लाम में नहीं जाना है. उसे हमें पहचानना है. हमें रिवर्ट लोगों के लिए काम करना चाहिए.
कथित वायरल वीडियो में राजवैध से सलीम बनने वाले युवक ने कहा,’हैदराबाद में कुछ लोग हैं जो काम कर रहे हैं. वह कह रहे हैं कि हम अल्लाह के चुने हुए बंदे हैं.’ एटीएस की कार्रवाई के बाद सौरभ का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह बढ़ी हुई दाढ़ी में नजर आता है. इस वीडियो में वह कहता है कि मैंने 2010 में इस्लाम अपनाया था, 2009 तक मैं एक आम जाहिल की तरह अपनी जिंदगी गुजार रहा था.
हैदराबाद के संगठन से जुड़ा था सौरभ
एटीएस की कार्रवाई में पता चला कि सौरभ भोपाल के टीआईटी कॉलेज के प्रो. कमाल के संपर्क में आया था. प्रो. कमाल ने ही इस्लाम अपनाने के लिए प्रेरित किया. इसके बाद सौरभ हैदराबाद के संगठन से भी जुड़ा. संगठन से जुड़ने के बाद वह वहीं के एक कॉलेज में पढ़ाने लगा. इस पूरे घटनाक्रम में जाकिर नाइक का कनेक्शन भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि सौरभ को जाकिर नाइक से भी मिलवाया गया था.
सिर्फ लड़कियां नहीं हैं निशाने पर
सौरभ से सलीम बनाने की कहानी सामने आने पर यह बात भी पता चली है कि मुस्लिम कट्टरपंथी संगठनों के निशाने पर सिर्फ हिंदू लड़कियां ही नहीं हैं जिन्हें लव जिहाद में फंसाया जाए, बल्कि ऐसे युवकों पर भी निगाहें हैं जो इस्लाम की खासियत जानकर धर्म परिवर्तन कर लें. बताया जाता है कि ऐसे युवकों का धर्म परिवर्तन कराकर उन्हें कट्टर बनाया जाता है और फिर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए दबाव बनाया जाता है. वहीं इस बारे में मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि जांच एजेंसी अपनी पड़ताल कर रही है. जांच कहां तक पहुंची इस बारे में बताया नहीं जा सकता. हालांकि उन्होंने कहा कि पूरे मामले में प्रोफेसर कलाम और जाकिर नाइक की भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया गया है.
.
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 13:36 IST








