
नई दिल्ली: ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक गुरुवार को 2024 के लोकसभा चुनावों के नतीजों की भविष्यवाणी करते दिखाई दिए. मौका था पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस की लॉन्चिंग और पुरी, कटक रेलवे स्टेशनों के पुर्नविकास परियोजना के शिलान्यास का. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली से वर्चुअली जुड़े थे, जबकि ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सशरीर उपस्थित रहे. इस दौरान अपने संबोधन में नवीन पटनायक ने कुछ ऐसी भविष्यवाणी कर दी, जिससे विपक्षी दलों को संभावित रूप से चिढ़ होगी.
उन्होंने उम्मीद जताई कि पीएम मोदी समुद्र के किनारे प्रस्तावित पुरी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के लिए अगले 4 वर्षों के भीतर एकबार फिर इस टेम्पल सिटी का दौरा करेंगे. नवीन पटनायक ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि आपके सहयोग और समर्थन से, तीन से चार साल के भीतर, यह हवाईअड्डा तैयार हो जाएगा और माननीय प्रधानमंत्री पुरी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उद्घाटन करने के लिए श्रीक्षेत्र आएंगे.’ उनका यह बयान प्रमुख गैर-बीजेपी दलों द्वारा अगले लोकसभा चुनावों में सभी को एक मंच पर लाने के प्रयासों की पृष्ठभूमि में आया है, विशेष रूप से कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद.
बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और बिहार के उनके समकक्ष नीतीश कुमार ने हाल ही में ओडिशा में नवीन पटनायक से मुलाकात की थी, जिसे 2024 के लिए विपक्षी एकता हासिल करने के उद्देश्य से एक आउटरीच के रूप में देखा गया. लेकिन 11 मई को नई दिल्ली में पुरी हवाईअड्डा परियोजना पर चर्चा करने के लिए पीएम मोदी से मुलाकात के बाद, नवीन पटनायक ने घोषणा की कि वह किसी तीसरे मोर्चे का हिस्सा नहीं होंगे और उनकी पार्टी बीजेडी 2024 के आम चुनाव में अकेले लड़ेगी. नवीन पटनायक ने ओडिशा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी के साथ प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अपनी विस्तृत चर्चा का जिक्र किया.
उन्होंने वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत को भारत में बुलेट ट्रेन लाने के सपने को पूरा करने की दिशा में एक और बड़ा कदम बताया. आपको बता दें कि पुरी-हावड़ा वंदे भारत अपनी सीरीज की देश की 17वीं ट्रेन हैं, जिसमें 16 कोच होंगे. यह ट्रेन पुरी से हावड़ा की दूरी 6.30 घंटे में पूरी करेगी. पुरी से खुलने के बाद खड़गपुर, भद्रक, बालासोर, कटक, भुवनेश्वर, खुर्दा स्टेशनों पर रुकते हुए हावड़ा में टर्मिनेट होगी. पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलेगी. यह सुबह 6.10 बजे हावड़ा से निकलेगी और दोपहर 12.35 बजे पुरी पहुंचेगी. वापसी में यह दोपहर 1.50 बजे पुरी से चलेगी और रात 8.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी.
.
Tags: 2024 Lok Sabha Elections, Narendra modi, Naveen patnaik
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 12:39 IST








