
रूपेश कुमार भगत/गुमला. संगठन से भगौड़ा घोषित नक्सली अमरजीत लकड़ा की पत्नी व बेटी की हत्या के संबंध में चैनपुर थाने में दर्ज कांड संख्या 5/22 के प्राथमिकी अभियुक्त नक्सली चंद्रदेव यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है. प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी के उग्रवादी चंद्रदेव के पलामू जिला के रामगढ़ थाना अंतर्गत नावां गांव जाकर गुमला पुलिस ने ढोल नगाड़ा बजाकर उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया. इस दौरान ग्रामीण वहां मौजूद थे. नक्सली को एक महीने के अंदर पुलिस या कोर्ट के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है.
वहीं ग्रामीणों से भी पुलिस ने अपील की कि आप सभी उसे जागरूक करते हुए सरेंडर करने को कहें. इधर थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि माननीय न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सिविल कोर्ट गुमला से निर्गत इश्तेहार को नक्सली के घर पर चिपकाया गया है और ग्रामीणों तथा उसके परिजनों से उसे मुख्यधारा से जोड़ने की अपील की गई है. अगर तय समय पर वह सरेंडर नहीं करता है तो उसके घर की कुर्की जब्त की जाएगी.
ज्ञात हो रविन्द्र यादव ने अपने दस्ता के सदस्यों के साथ मिलकर अपने संगठन के भगोड़े सदस्य अमरजीत लकड़ा उर्फ अशोक और उसके परिवार पर हमला किया था. जिसमें गोली लगने से अमरजीत की पत्नी नेहा नीति कुजूर और तीन साल की बेटी अनन्या कुजूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. इस कांड में पुलिस को रविन्द्र यादव की तलाश है.
.
FIRST PUBLISHED : May 19, 2023, 12:06 IST








