
कुंदन कुमार/गया: आप भी ऑनलाइन शापिंग करते हैं तो थोड़ा सावधानी बरतें, नहीं तो फ्रॉड के शिकार हो जाएंगे. गया का एक युवक भी फ्रॉड का शिकार हो गया, लेकिन सतर्क होने की वजह से उसका नुकसान नहीं हुआ. इस युवक ने एक शॉपिंग साइट से 7899 रुपये का ड्रोन कैमरा आर्डर किया था.
जब डिलीवरी ब्वॉय घर पर पैकेट लेकर पहुंचा तो युवक को शक हुआ. उसने डिलीवरी ब्वॉय के सामने ही पैकेट खोला और उसका वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया. जब पैकेट को खोला गया तो युवक के होश उड़ गए. पैकेट में ड्रोन कैमरे की जगह पानी की दो बोतलें निकलीं. हालांकि, इसके बाद जब युवक ने डिलीवरी ब्वॉय से थाने में मामला दर्ज करने को कहा तो डिलीवरी ब्वॉय ने कंपनी से बात करके उसे उसके रुपये लौटा दिए. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
युवक ने दे दी थी रकम
शहर के पंचायती अखाड़ा सीमेंट गली के रहने वाले सदात अनवर ने अमेजॉन ऐप पर ड्रोन कैमरा ऑर्डर किया था. बुधवार को जब डिलीवरी ब्वॉय पैकेट लेकर आया तो खोलने पर पैकेट में ड्रोन की जगह दो पानी की बोतल मिली. पीड़ित ने 7899 रुपये का ड्रोन आर्डर किया था. अनवर ने डिलीवरी ब्वॉय को ड्रोन की कीमत चुका दी थी, लेकिन उसने उसी के सामने पैकेट खोला और वीडियो बनाई, जिसके बाद ऑनलाइन फ्रॉड का पता चला.
आप भी सतर्क रहें
सदात अनवर ने बताया कि उसने ड्रोन कैमरे का ऑर्डर किया था. डिलीवरी ब्वॉय पैकेट लेकर आया तो उसे उसने 500 के 16 नोट उसको दे दिए. लेकिन फिर शक होने पर उसने पैकेट डिलीवरी ब्यॉय के सामने खोला और उसका वीडियो भी बना लिया. जब पैकेट से बोतल निकली तब डिलीवरी ब्वॉय ने किसी से बात की और उसे पैसे लौटा दिए. फिर वह उन बोतलों को लेकर निकल गया. अनवर ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 23:36 IST








