
नई दिल्ली. अरब सागर से पकड़ी गई 40 हजार करोड़ की ड्रग्स के पीछे मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और लश्कर ए तैयबा का गठजोड़ सामने आया है जबकि इसमें सबसे अहम कड़ी हाजी सलीम को बताया गया है. दरअसल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB), इंडियन नेवी कोस्ट गार्ड के ऑपरेशन समुद्रगुप्त की तफ्तीश के दौरान बेहद ही खतरनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है. इसमें आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा का कनेक्शन सामने आया है.
खुफिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान ISI, D कंपनी और लश्कर का मिक्स कॉकटेल भारत के खिलाफ नार्को टेरर के जरिये बड़ी तबाही और देश का माहौल खराब करने के मंसूबों में जुटा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 40 हजार करोड़ की ड्रग्स जिसमें खासकर हेरोइन बरामद होने का साफ संकेत है कि किस तरह दुबई रूट्स के ड्रग्स की कमाई का हिस्सा हवाला के जरिये पाकिस्तान पहुंच रहा है जहां न केवल उस पैसे का इस्तेमाल पाक ISI बल्कि D कंपनी और लश्कर ए तैयबा भी कर रहा है.
हाजी सलीम, पाकिस्तान में लश्कर से लगातार ड्रग्स डीलिंग करता रहा है
खुफिया रिपोर्ट में बताया गया है कि ड्रग्स माफिया हाजी सलीम, पाकिस्तान में लश्कर के बड़े कमांडरों से लगातार ड्रग्स डीलिंग की मीटिंग करता रहा है. सुरक्षा एजेंसियों ने उसके एक वीडियो कॉल को भी इंटरसेप्ट किया था. हाजी सलीम की दुबई ट्रिप की तमाम जानकारी भारत की सेंट्रल एजेसिंयों के पास मौजूद हैं. ड्रग्स की खेप के साथ कोच्चि से गिरफ्तार पाकिस्तान नागरिक फिलहाल न्यायिक हिरासत में है, जिससे सोमवार से भारत की एजेंसियां पूछताछ शुरु करेंगी.
.
Tags: Dawood ibrahim, Isi, Pakistan
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 22:34 IST








