
हाइलाइट्स
बुधवार को कर्नाटक के नए सीएम और डिप्टी सीएम का ऐलान कर दिया गया.
सिद्धारमैया कर्नाटक के मुख्यमंत्री होंगे. जबकि डीके शिवकुमार डिप्टी सीएम होंगे.
नई दिल्ली. लगातार बैठक और मुलाकात के बाद आखिरकार कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया. सिद्धारमैया को सीएम बनाया गया और डीके शिवकुमार को डिप्टी सीएम की कुर्सी से संतोष करना पड़ा है. हालांकि नाम के ऐलान होने से पहले तक कहा जा रहा था कि डीके शिवकुमार सीएम पद के लिए अड़े हुए हैं. वो बार-बार पार्टी आलाकमान से अपनी मंशा जाहिर करते रहे. वहीं सिद्धारमैया भी सीएम के लिए अड़े हुए थे. करीब चार दिन से चल रहे बैठकों का दौर बुधवार की देर शाम को पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के हस्तक्षेप से खत्म हो गया.
सोनिया गांधी ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये की बातचीत
सोनिय गांधी इन दिनों शिमला में हैं. एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सोनिया गांधी ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये डीके शिवकुमार से बातचीत की और फिर इस पूरे गतिरोध को खत्म किया. बातचीत के दौरान डीके शिवकुमार के अलावा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और रणदीप सुरजेवाला सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे. सोनिया गांधी ने बुधवार की देर शाम को डीके शिवकुमार से बातचीत की. 10 जनपथ पर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी. दोनों ने खुद को सीएम का प्रबल दावेदार बताया था.
बुधवार की देर शाम तक जिद पर अड़े थे डीके शिवकुमार
सूत्रों ने कहा कि सोनिया गांधी ने बुधवार की देर शाम को डीके शिवकुमार से बात की, जिसके बाद उन्होंने कर्नाटक सरकार में नंबर 2 स्थान स्वीकार कर लिया. बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को बेंगलुरु में होने वाला है. डीके शिवकुमार पिछले चार वर्षों में अपने काम का हवाला देते हुए शीर्ष पद पर जोर दे रहे थे. मंगलवार को दिल्ली रवाना होने से पहले डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर पत्रकारों से कहा था कि वो पद के लिए किसी को ब्लैकमेल नहीं करेंगे.
आज शाम सात बजे विधायक दल की बैठक बुलाई गई
उन्होंने कहा था कि उन्होंने गांधी परिवार और मल्लिकार्जुन खड़गे को आश्वासन दिया है कि वह कर्नाटक का उद्धार करेंगे. पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख डी. के. शिवकुमार ने बृहस्पतिवार शाम को यहां कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक बुलाई है. कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख ने सभी विधायकों को पत्र लिखकर शाम सात बजे यहां क्वीन्स रोड स्थित इंदिरा गांधी भवन में होने वाली बैठक में शामिल होने को कहा है. बैठक में विधान परिषद सदस्यों और सांसदों को भी बुलाया गया है. कर्नाटक में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के चयन पर गतिरोध को दूर करने के लिए बुधवार को कई दौर की बातचीत हुई.
.
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 09:06 IST








