
हाइलाइट्स
इमरान खान ने दावा किया कि उनकी गिफ्तारी के लिए उनके घर को घेर लिया गया है.
पाक आर्मी चीफ ने इमरान खान के समर्थकों को चेतावनी दी है.
शहबाज सरकार ने कहा है कि दंगाइयों और इमरान के समर्थकों पर मुकदमा चलेगा.
इस्लामाबाद. पंजाब के कार्यवाहक सूचना मंत्री आमिर मीर (Amir Mir) ने कहा कि प्रांतीय सरकार की गुरुवार को दोपहर 2 बजे 24 घंटे की समय सीमा समाप्त होने से पहले पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) को गिरफ्तार करने की कोई योजना नहीं है. प्रांतीय मंत्री ने जियो न्यूज को बताया कि ‘पहले 24 घंटे की समय सीमा समाप्त होने दें, फिर सरकार अपनी योजनाओं का खुलासा करेगी.’ पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने बुधवार को दावा किया कि पुलिस ने एक और गिरफ्तारी के लिए लाहौर स्थित उनके घर को घेर लिया है. पंजाब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पीटीआई अध्यक्ष के जमान पार्क आवास के बाहर पहुंची और उनके आवास की घेराबंदी की.
एक ट्वीट में इमरान खान ने दावा किया कि ‘मेरी अगली गिरफ्तारी से पहले शायद मेरा आखिरी ट्वीट.’ उन्होंने अपने समर्थकों से जमान पार्क पहुंचने का भी आग्रह किया. वहीं पाकिस्तान के गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह ने चेतावनी दी कि इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत ‘लंबे समय तक नहीं रहेगी.’ उन्होंने बुधवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री को आधी रात के बाद गिरफ्तार किया जा सकता है. वहीं इमरान खान ने कहा कि ‘देश छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है और आखिरी सांस तक पाकिस्तान में रहूंगा.’
पढ़ें- ‘पुलिस ने मेरे घर को घेरा’, गिरफ्तारी से पहले इमरान खान बोले- यह मेरा आखिरी ट्वीट हो सकता है
पाक आर्मी चीफ ने इमरान खान के समर्थकों को दी चेतावनी
पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर (Asim Munir) ने इमरान खान के समर्थकों को चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर दोबारा से 9 मई वाली हरकत दोहराई गई तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला जैसे सुनियोजित दुखद घटना को दोबारा से किसी भी कीमत पर फिर से अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि ‘किसी को भी हमारे शहीदों और उनके स्मारकों का अनादर करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. आर्मी हमारे पाकिस्तान के लोगों के लिए प्रेरणा और गर्व के स्रोत हैं.’
दंगाइयों और उनके समर्थकों पर चलेगा मुकदमा: शहबाज सरकार
शहबाज सरकार ने मंगलवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए राज्य की संपत्ति और सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने वाले दंगाइयों और उनके समर्थकों पर सेना के कानूनों के तहत मुकदमा चलाया जाएगा. यह फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया. बैठक में कहा गया कि दंगाइयों और उनके आकाओं की पहचान कर ली गई है और सेना के कानूनों के तहत मुकदमा चलाया जाएगा.
इमरान खान के घर को पुलिस ने फिर घेरा
इससे पहले इमरान खान ने बुधवार को कहा कि पुलिस ने उनके घर को घेर लिया है और उनकी गिरफ्तारी तय है. बता दें कि भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने खान को पिछले हफ्ते भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी. उनकी गिरफ्तारी ने पूरे देश में हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था, जिसमें कम से कम आठ लोग मारे गए थे.
शहबाज ने इमरान पर बोला हमला
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को इमरान खान को पिछले सप्ताह उनकी गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों द्वारा तबाही के लिए जिम्मेदार ठहराया. शरीफ ने ट्वीट कर कहा ‘9 मई को राज्य, उसके प्रतीकों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर विद्रोही हमले की जड़ें पिछले एक साल में इमरान नियाज़ी के भाषणों की सामग्री में निहित हैं. उन्होंने सच्चाई और झूठ के बीच युद्ध के रूप में अपने राजनीतिक आंदोलन को ब्रांड करने के लिए उदारतापूर्वक धार्मिक छवि को अपनाया.’
उन्होंने आगे कहा कि खान ने ‘सशस्त्र बलों और मौजूदा सेना प्रमुख को लगातार बदनाम किया और उन पर हमला किया और बहुत ही चालाकी से ‘हकीकी आजादी’ के नारों के साथ अपना पंथ तैयार किया. जिसका उद्देश्य उन्हें 9 मई को हुई हिंसा के लिए उकसाना था.’
.
Tags: Imran khan, Pakistan
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 08:57 IST








