
बुजुर्ग कहते हैं कि कभी उधार लेकर घी नहीं पीना चाहिए. मगर ब्रिटेन के एक शख्स ने ऐसा किया और इतना कर्ज में डूब गया कि निकलना मुश्किल हो गया. कर्ज चुकाने के लिए इस शख्स ने एक साथ कई नौकरियां की. दिनरात काम किया. ड्राइवर बना. यहां तक कि स्पर्म तक बेचा, लेकिन फिर भी बाहर नहीं आ पाया. आखिरकार अब वह दुनिया से मदद मांग रहा ताकि किसी तरह इस चंगुल से निकल सके.
फाइनेंशियल ऑडिट नाम के पॉडकास्ट में यह शो शामिल हुआ, ताकि लोगों से मदद मिल सके. 23 साल के इस शख्स ने अपना नाम लेल बताया. जब उससे पूछा गया कि आप यह पैसा कैसे भरेंगे तो उसने कहा- मैं कई नौकरियां एक साथ कर रहा हूं. डोरडैश ड्राइवर हूं और अपना स्पर्म भी बेचता हूं. इस साल नौकरी और अचल संपत्ति बेचकर उसने 15,000 डॉलर कमाए. डोरडैश डिलीवरी से 1,000 डॉलर और स्पर्म बेचकर 900 डॉलर तक कमाए.
डेढ़ साल से धीरे-धीरे कर्ज में डूब रहा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लेल ने कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से धीरे-धीरे कर्ज में डूब रहा था. उसने नर्सिंग की पढ़ाई करने के लिए एडमिशन लिया था लेकिन कोविड की वजह से पढ़ाई छूट गई. उसके पास एक टेस्ला कार हुआ करती थी, जिसकी ईएमआई वह 550 डॉलर प्रति महीने दे रहा था. साथ ही इंश्योरेंस पर 330 डॉलर खर्च हो रहे थे. वह ज्यादातर समय क्रेडिट कार्ड से किराने का सामान और अन्य जरूरी चीजें खरीद रहा था, इसकी वजह से 26 हजार डॉलर यानी तकरीबन 24 लाख रुपये का कर्ज हो गया. लेल की जरूरतें उसके बजट से 300 डॉलर अधिक थीं. लेल ने कहा कि उसके पास कोई बचत या इमरजेंसी फंड नहीं था, क्योंकि वह वॉलमार्ट, फास्ट फूड, गैस, पार्किंग पर बहुत अधिक खर्च कर रहा था. उन दोस्तों को भी पैसे लौटा रहा था जिसने उसे पिछले कई सालों में उधार लिया था. उसने 12 हजार डॉलर क्रेडिट कार्ड से कर्ज भी लिया था. स्टूडेंट लोन के रूप में 7,000 डॉलर बकाया था.
विशेषज्ञों ने बताया चुकाने का तरीका
लेल ने कहा कि वह पिछले दो महीनों से कुछ पैसे बचा रहा है. बाहर खाना नहीं खा रहा. कहीं घूमने नहीं जा रहा. पॉडकॉस्ट में शामिल विशेषज्ञों ने उसे बताया कि कैसे इस कर्जे से वह बाहर आ सकता है. हैमर ने कहा कि पहले क्रेडिट कार्ड का भुगतान करना चाहिए, फिर कार लोन और स्टूडेंट लोन. दूसरी आय का जरिया भी तलाशना होगा. इसके बावजूद सबकुछ सही रहा तो पूरा कर्ज चुकता करने में 2 साल का समय लगेगा. अगर मंदी आ गई तो 5 साल और लगेंगे. लेल ने इस पर कहा कि वह डोरडैश ड्राइवर के रूप में और काम करेगा. अपने खर्च में कटौती करेगा. कुछ फाइनेंसर्स ने उसे मदद करने का भी वादा किया.
.
Tags: Bizarre news, OMG News, Trending news, Viral news, Weird news
FIRST PUBLISHED : May 18, 2023, 06:20 IST









