
गुलशन सिंह/बक्सर. मिशन 60 के तहत सदर अस्पताल में इलाज की सुविधाएं बढ़ने से मरीजों की संख्या में भी काफी इजाफा हुआ है. यहां रोजाना 800 से अधिक मरीज जिले के विभिन्न प्रखंडो से इलाज के पहुंचते है इसके कारण निबंधन तथा दवा काउंटर पर घंटों लंबी कतारें लगी रहती है. हालांकि, अस्पताल में तकरीबन साढ़े तीन महीने से अल्ट्रासाउंड बंद चल रहा है. जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल के निर्देश के बाद भी सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन शुरू नहीं हो पाया है.
अल्ट्रासाउंड बंद रहने से जहां मरीजों का निजी अल्ट्रासाउंड संचालकों द्वारा आर्थिक दोहन किया जा रहा है. सदर अस्पताल में दो अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध है. यहां आने वाली खासकर गर्भवती महिलाओं को परेशानी हो रही है.अस्पताल प्रबंधक के मुताबिक जिले में कुल निबंधित अल्ट्रासाउंड संचालकों की संख्या मात्र 44 है. जबकि, अवैध अल्ट्रासाउंड मशीनों का संचालन जिले में ज्यादा हो रही है.
जून से पहले अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने की उम्मीद
बता दें कि 15 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल ने पाया था कि चिकित्सक के अभाव में अल्ट्रासाउंड का संचालन ठप है.डीएम ने डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश भी दिया था, लेकिन, डीएम का यह आदेश हवा-हवाई साबित हो गई.
इस मामले में जब सिविल सर्जन डॉ.सुरेश चंद सिन्हा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अल्ट्रासाउंड संचालन के लिए डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति हेतु विभाग से अनुरोध किया गया है. उम्मीद है कि जून से पहले अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो जाएगी.उन्होंने बताया कि महिला चिकित्सक डॉ. गिरिजा उपाध्याय की देखरेख में अल्ट्रासाउंड का संचालन हो रहा था. लेकिन, 31 जनवरी को उनके अवकाश ग्रहण करने के साथ ही अल्ट्रासाउंड का संचालन बंद पड़ा है.
निजी अल्ट्रासाउंड संचालकों द्वारा 800-1000 तक लिए जा रहे पैसे
वहीं सिमरी प्रखंड के बड़का सिघनपुरा गाँव से अपनी पत्नी का इलाज कराने सदर अस्पताल पहुँचे राजेश कुमार पाल ने कहा कि अल्ट्रासाउंड मशीन बंद होने से उन्हें अस्पताल से बाहर निजी अल्ट्रासाउंड जाना पड़ रहा है. जहां 800 से 1000 तक रुपये खर्च बताएं जा रहे है.
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता रामजी सिंह ने कहा कि साढ़े तीन महीनों से अल्ट्रासाउंड बन्द होने के कारण गरीबो को काफी परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि बेशक अस्पताल में पहले की तुलना में आज के समय सुविधाएं बढ़ी है लेकिन, अल्ट्रासाउंड संचालन नहीं होने से गर्भवती महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
.
Tags: Bihar News in hindi, Buxar news
FIRST PUBLISHED : May 17, 2023, 21:23 IST








