
नील कमल/पलामू. जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के गमहरिया मोहल्ला में घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया . जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई. जबकि उसके पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसका इलाज चल रहा है. गांव निवासी 32 वर्षीय मंटू चौधरी का सोमवार से 28 वर्षीय पत्नी सोनी देवी के साथ विवाद चल रहा था. जो आज सुबह बड़ा रूप ले लिया.
गुस्से में दोनों ने बड़ा कदम उठा लिया. परिजनों की नजर पड़ते ही पड़ोसियों की मदद से आनन-फानन में दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया गया. जहां जांच के बाद डॉक्टर ने सोनम देवी को मृत घोषित कर दिया. वहीं, मंटू चौधरी की गंभीर हालत को देखते हुए एमएचपीएस मेदनीनगर रेफर कर दिया गया. जहां उसका इलाज चल रहा है.
हाल ही में घर लौटा था मंटू
बताया जा रहा है कि मंटू चौधरी रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता था. हाल ही में घर लौटा था. किसी बात को लेकर दंपत्ति में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था. सोमवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. जो आज सुबह तक नहीं थमा . पुलिस ने पड़ोसियों के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
हुसैनाबाद थाना प्रभारी जगरनाथ धान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. लेकिन पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है. पड़ोसियों का बयान दर्ज किया गया है. महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
.
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 21:46 IST








