
भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सनातन और हिंदुत्व की परिभाषा बताने के बयान पर बीजेपी हमलावर हो गई है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा दिग्विजय सिंह के बारे में जितना कहा जाए उतना कम है. एक नहीं इस तरह कई वक्तव्य हैं. दिग्विजय सिंह का असली चेहरा मध्यप्रदेश नहीं बल्कि पूरे देश के सामने आ गया है. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पिछले दिनों सिंधिया के खिलाफ बयान दिया था उसके बाद से दोनों में कोल्ड वॉर छिड़ा हुआ है.
जहां योग्यता का सम्मान नहीं वहां बुरा हाल
ज्योतिरादित्य सिंधिया भोपाल में आयोजित रोजगार मेले में पहुंचे थे. रोजगार मेले में 71,000 से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी में नियुक्ति पत्र वितरित किए गए. राजस्थान में मचे सियासी घमासान पर कहा कांग्रेस की अब यही स्थिति हो गई है. किसी भी संस्था में क्षमता के मान और सम्मान से ही कोई संस्था बनती है…जहां पर ऐसी क्षमताओं का सम्मान ना हो तो वहां पर यही होता है जो कांग्रेस में हो रहा है.
दिग्विजय सिंह ने हिंदुत्व और सनातन धर्म की बताई थी परिभाषा
दिग्विजय सिंह ने जबलपुर में हिंदुत्व और सनातन धर्म की परिभाषा बताई थी. उन्होंने कहा था कि सनातन धर्म में कहा जाता है धर्म की जय हो. हिंदुत्व की धारणा है कि जो हमारी बात नहीं मानते उनको डंडा मारो. उनका घर तोड़ दो. आप ये क्यों भूल जाते हैं कि आपके पड़ोसी सतना में बजरंग दल के बलराम सिंह आईएसआईएस के आतंकियों के लिए जासूसी करते हुए पकड़े गए थे.








