
दुर्गेश सिंह राजपूत/नर्मदापुरम: इन दिनों शहर में तलघर बनाने का काम जोरों से चल रहा है, जिसमें नगर पालिका प्रशासन द्वारा चुप्पी साध ली गई है. इन लोगों पर किसी भी प्रकार से कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है. बता दें कि नर्मदा तट होने के कारण शहर नर्मदापुरम में तलघर बनाने की अनुमति नहीं है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन द्वारा ऊपरी और निचले भूतल के नाम से अनुमति दी जा रही है. इसका फायदा तलघर बनाने वाले मालिकों को हो रहा है.
नगर पालिका प्रशासन से भूतल के लिए मात्र 5 फीट तक खुदाई की जानकारी दी जा रही है, लेकिन शहर में कई बहुमंजिला मकान और शॉपिंग मॉल के नीचे 10 से 15 फीट गड्ढा खोदकर तलघर बनकर तैयार हो चुके हैं.
खास बात तो ये है कि ये तलघर नर्मदा तट से लगे हुए हैं. तलघर पर रोक होने के बाद भी लोगों ने ग्रीन नेट का सहारा लेकर 10 से 15 फीट नीचे गड्ढा खोदकर सेंटिंग लगाकर तलघर तैयार कर लिए हैं. जिन पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा ना ही कोई नोटिस जारी किया गया है और ना ही किसी पर किसी भी प्रकार की कोई कार्यवाही की गई है.
नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने बताया कि मामले की जानकारी हमें प्राप्त हुई है. हमारे द्वारा जो भी परमिशन दी गई है, वह नियम अनुसार दी गई है. अगर इस तरह से तलघर का निर्माण किया जा रहा है तो उन पर कार्यवाही की जाएगी.
तो वहीं इस बात पर सवाल उठता है कि शहर में अधिक संख्या में तलघर बनाए जा रहे हैं. इस बात की खूब चर्चा भी चल रही है. लेकिन नगर प्रशासन से कोई भी कार्यवाही करने सामने नहीं आ रहा है. अब देखना यह है कि नगर पालिका सीएमओ को समस्त जानकारी होने के बाद भी इन पर कार्यवाही की जाती है या नहीं.
.
Tags: Hoshangabad News, Mp news
FIRST PUBLISHED : May 16, 2023, 15:57 IST








