
हिमांशु नारंग/करनाल: उत्तर भारत में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं. बढ़ती गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए हैं. दोपहर के समय में जब सूरज की तपिश चरम पर होती है, उस समय शहर की सड़कें खाली नजर आती हैं. लोगों का कहना है कि गर्मी इतनी ज्यादा महसूस होने लगी है कि रात में AC चलाने के बाद भी कूलिंग नहीं होती.
इधर लू से बचने के लिए लोग ठंडी चीजों का सेवन भी कर रहे हैं, ताकि गर्मी से बचा जा सके. अक्सर गर्मी में पानी की भी कमी हो जाती है और पानी की कमी से लोगों को बीमारियां भी हो जाती हैं. मौसम विभाग और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी लोगों को लगातार हिदायत दी जा रही हैं कि गर्मी से बचाव रखें और जितना हो सके ठंडी चीजें जैसे कि नींबू पानी, नारियल पानी, तरबूज, खरबूज का सेवन करें.
16 मई के बाद बदलेगा मौसम!
वहीं मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 मई को राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क और गर्म रहेगा. दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस दौरान बीच-बीच में पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है. लेकिन, 16 मई की रात से राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में फिर से बदलाव की संभावना बन रही है.
तापमान का हाल
कृषि मौसम विज्ञान विभाग हिसार के अनुसार, दिन के समय में लगातार तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. अधिकतम तापमान की बात करें तो 14 मई को 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज रहा. वहीं, हवा में नमी 34 प्रतिशत तक दर्ज की गई है. हवा की औसत गति भी 6.1 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से चल रही है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 19:54 IST








