‘इमरान खान को सरेआम दी जाए फांसी’- पाकिस्तान की संसद में उठी मांग, चीफ जस्टिस पर भी एक्शन की तैयारी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इस्लामाबाद. पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी और जमानत के बाद से लेकर आज तक पाकिस्तान में बवाल मचा है. यहां की सियासी पार्टियां आमने सामने हैं और लोग सड़कों पर हैं. पाकिस्तान की संसद में आज पीटीआई प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को फांसी दिए जाने की मांग उठी. नेशनल असेंबली में सत्ताधारी गठबंधन में शामिल आसिफ अली जरदारी की पार्टी के सांसद राजा रियाज अहमद खान ने इमरान खान को फांसी दिए जाने की मांग उठाते हुए कहा, यहूदियों के एजेंट को सरेआम फांसी दी जानी चाहिए, लेकिन अदालतें उनका ऐसे स्वागत कर रही हैं जैसे कि वह उनके दामाद हों.’

इसके साथ ही नेशनल असेंबली (एनए) ने पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश (सीजेपी) न्यायमूर्ति उमर अता बंदियाल के खिलाफ संदर्भ दायर करने के लिए समिति के गठन को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया है. इस मामले में संसद में निंदा प्रस्ताव लाया जा सकता है.

सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ सत्ताधारी गठबंधन का प्रदर्शन
उधर इमरान की रिहाई के खिलाफ PDM ने सुप्रीम कोर्ट के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया है. इतना ही नहीं उग्र भीड़ ने वहां अपना कैंप लगा लिया है. पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (PDM) कई पार्टियों से मिलकर बना संगठन है. इसमें सत्ताधारी पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज, जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (JUIF) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) सहित कई पार्टियां शामिल हैं.

सत्तारूढ़ गठबंधन के दलों की ओर से इमरान का ‘‘समर्थन’’ करने पर न्यायपालिका के खिलाफ मोर्चा खोल दिया गया है. पाकिस्तान के सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल एक इस्लामी दल ने कई मामलों में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को कथित रूप से ‘‘राहत’’ देने को लेकर सुप्रीम कोर्ट समेत देश की न्यायपालिका के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन किया.

पहले ही की थी सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन की घोषणा
‘डॉन न्यूज’ ने बताया कि जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-फजल (जेयूआई-एफ) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों समेत कई प्रदर्शनकारियों ने देश की राजधानी में धारा 144 लागू होने के बावजूद ‘रेड जोन’ (वर्जित क्षेत्र) में प्रवेश किया. देश के 13 राजनीतिक दलों के सत्तारूढ़ गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वह पूर्व प्रधानमंत्री खान के प्रति कथित न्यायिक समर्थन के विरोध में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष धरना देगा.

‘रेड जोन’ में घुस गए प्रदर्शनकारी
‘जियो न्यूज’ ने इस्लामाबाद पुलिस प्रवक्ता के हवाले से कहा, ‘‘पीडीएम कार्यकर्ता सुप्रीम कोर्ट के द्वार के बाहर पहुंचे. प्रदर्शनकारी ‘रेड जोन’ में घुस आए, लेकिन हालात शांतिपूर्ण हैं.’’ प्रदर्शनस्थल को लेकर जेयूआई-एफ और प्राधिकारियों के बीच वार्ता विफल रही, जिसके बाद पार्टी ने न्यायालय परिसर के बाहर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया. पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान की जमानत शुक्रवार को मंजूर कर ली थी. खान को मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट परिसर से गिरफ्तार किया गया था और जवाबदेही अदालत ने उन्हें अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में आठ दिन के लिए राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) की हिरासत में भेज दिया था.

प्रदर्शन कर मुख्य न्यायाधीश को डराने की कोशिश: इमरान
इमरान खान ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के बाहर किए जा रहे जेयूआई-एफ के ‘‘नाटक’’ का एकमात्र उद्देश्य पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश को डराना है, ताकि वह संविधान के अनुसार फैसला न करें. खान की गिरफ्तारी के बाद पूरे पाकिस्तान में मंगलवार को हिंसक प्रदर्शन शुरू हुए थे, जो शुक्रवार तक जारी रहे। इन प्रदर्शनों में कई लोगों की मौत हो गई और दर्जनों सैन्य एवं सरकारी संस्थानों के परिसरों को नुकसान पहुंचा. (भाषा इनपुट के साथ)

Tags: Imran khan, Imran khan news, Pakistan news, Shehbaz Sharif

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें