
हाइलाइट्स
डूंगरपुर के चौरासी थाना इलाके की है घटना
युवक ने बीते 22 अप्रेल को कर ली थी आत्मत्या
गांव में तनाव के माहौल को देखते हुए पुलिस बल किया तैनात
डूंगरपुर. आदिवासी बाहुल्य डूंगरपुर (Dungarpur) जिले के चौरासी थाना इलाके के सुराता गांव में एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. उसके बाद युवक की प्रेमिका के परिजनों ने उसके घर पर हमला कर दिया. आरोपियों ने उसके घर पर पथराव कर वहां जमकर तोड़फोड़ की. वहीं उसके घर के बाहर स्थित पंचर की दूकान को आग के हवाले कर दिया. इससे गांव में तनाव फैल गया. हालात को नियंत्रित करने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है.
चौरासी थानाधिकारी अमृतलाल मीणा ने बताया की 23 अप्रेल को सुराता निवासी जयशंकर रोत ने एक रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. अपनी रिपोर्ट में उसने बताया था की 22 अप्रेल को उसका बेटा नंदकिशोर परिवार के साथ खाना खाकर घर से निकल गया था. दूसरे दिन उसका शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था. जयशंकर समेत उसके परिवार के लोगों ने घटना को लेकर हत्या कर शव लटकाने के आरोप लगाए थे.
काफी समय से दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था
जयशंकर ने बताया था की मृतक नंदकिशोर का एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इससे लड़की का परिवार उससे नाराज था. इसी वजह से उसकी हत्या की गई है. उसी दिन से दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था. पुलिस इस घटना की जांच कर रही थी. इस बीच शनिवार रात को दोनों पक्षों में फिर कहासुनी हो गई. बाद में यह कहासुनी मारपीट में बदल गई. मारपीट में दोनों पक्षों के एक-एक लोगों के चोटें आईं. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामला शांत करवाते हुए दोनो पक्षों से समझाइश की.
आपके शहर से (डूंगरपुर)
20 से 25 हमलावरों ने किया हमला
उसके बाद रविवार दोपहर के समय फिर से 20 से 25 हमलावर नंदकिशोर के घर पहुंचे. उन्होंने नंदकिशोर के घर पर पथराव शुरू कर दिया. बाद में उसके घर में तोड़फोड़ कर दी. उसके घर के बाहर पंक्चर निकालने की दुकान को आग लगा दी. इसके बाद दोनों पक्षों में फिर से तनाव बढ़ गया. वारदात के बाद सीमलवाड़ा डीएसपी भी मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. बहरहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Crime News, Dungarpur news, Love affairs, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 11:06 IST








