
अभिनव कुमार/दरभंगा. मौसम की बेरुखी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है. जिले में किसानों ने आस लगाकर प्याज की खेती की, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण किसानों को नुकसान हो रहा है. अत्यधिक गर्मी बढ़ने और बारिश नहीं होने की वजह से जमीन के अंदर की नमी खत्म हो गई है. जिसके कारण प्याज का आकार छोटा हो रहा है. समय रहते प्याज की फसल तैयार तो हो रही है, लेकिन उसमें किसानों को नुकसान हो रहा है. इस पर कृषि वैज्ञानिक ने कुछ सलाह दी है. जिसपर किसान अमल कर अपने नकुसान को कम कर सकते हैं.
बिन बारिश किसानों की कड़ी मेहनत पर फिरा पानी
किसान अखिलेश कुमार, सुबोध राय, गणपति सहनी बताते हैं कि जितनी लागत से प्याज की खेती की हैं, उम्मीद नहीं है कि उसका आधा भी मुनाफा इस फसल से निकल पाएगा. किसानों ने अपना दुख जाहिर करते हुए बताया कि प्याज की फसल में किसानों को काफी कड़ी मेहनत करनी होती है. निरंतर उसमें सिंचाई करनी पड़ती है, लेकिन इतनी मेहनत के बावजूद भी किसानों को अगर उचित फायदा ना मिले तो निराशा होना लाजमी है. ऐसे में हम लोग क्या करें कुछ समझ नहीं आ रहा.
प्याज का साइज बहुत ही छोटा हुआ है. बड़े साइज की कीमत अधिक मिलती है. वहीं छोटे साइज के प्याज की कीमत कम मिलती है. इसके कारण इसमें नुकसान होना तय है. इस संदर्भ में जब हमने मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर गुलाब सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि मौसम शुष्क होने की वजह से इस तरह की समस्याएं होती हैं. इसलिए किसानों को चाहिए कि जितना ज्यादा हो सके खेतों में नमी बनाए रखें. जिसके लिए निरंतर सिंचाई की व्यवस्था वाली जगह पर प्याज जैसी फसलों की खेती करें. गौरतलब है कि किसानों के द्वारा लगाए गए प्याज वर्षा नहीं होने की वजह से खराब हो रहे हैं. किसानों का मानना है कि प्याज का साइज पानी की कमी होने के कारण छोटा हो गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 15, 2023, 16:05 IST








