
सच्चिदानन्द/पटना. पूरा बिहार बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के रंग में रंगा नजर आ रहा है. यही वजह है कि हनुमत कथा सुनने के लिए भीड़ इतनी हो गई कि बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर को बीच में ही कथा रोकनी पड़ी. उन्हें ऐलान करना पड़ा कि कल दिव्य दरबार नहीं लगेगा. साथ ही किसी को भी कथा में नहीं आना है.
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने खुद मंच से लोगों से अपील की कि जो भी ट्रेन का टिकट करवा कर पटना आ रहे हैं, कृपया वापस चलें जाएं. आगे कहा कि दिव्य दरबार फिलहाल स्थगित है और अगर कोई बदलाव होता है, तो सोमवार की सुबह वह स्वयं इसकी सूचना मीडिया के जरिए बिहार के लोगों तक पहुंचा देंगे.
10 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे
बता दें कि रविवार को हनुमंत कथा का दूसरा दिन था. कथा पंडाल में लगभग 10 लाख लोग पहुंच गए थे. इस वजह से पंडाल के साथ-साथ आसपास की जगह भी भर चुकी थी. कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी थी. गर्मी का प्रकोप भी खूब था. लोगों की परेशानी को देखते हुए बाबा ने पं. धीरेंद्र ने ऐलान कर दिया कि सोमवार को दिव्य दरबार नहीं लगेगा. लोग अपने घर पर टीवी के जरिए कथा सुनें. कथा स्थल पर न आएं. हालांकि, कथा 17 मई तक चलती रहेगी.
लोगों को सांस लेने में होने लगी दिक्कत
पटना के तरेत पाली मठ में हो रहे हनुमंत कथा का आज दूसरा दिन था. बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री मंच पर कथा सुनाने तो आए, लेकिन भीषण गर्मी और करीब 10 लाख लोगों की एकजुटता की वजह से कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत आने लगी. भीड़ बेकाबू हो रही थी और पंडाल में हर जगह धूल ही धूल थी. इसी वजह से कथा को बीच में रोकते हुए पं. धीरेंद्र ने लोगों से अपील की कि सोमवार को कोई भी कथा सुनने न आए, साथ ही दिव्य दरबार का भी आयोजन नहीं होगा.
और भीड़ बढ़ने की थी आशंका
बता दें कि सोमवार को दिव्य दरबार दोपहर के समय लगना था. बढ़ती भीड़ को देखते हुए पं. धीरेंद्र को यह अंदेशा हुआ कि सोमवार को दिव्य दरबार की वजह से भीड़ में भारी बढ़ोतरी हो सकती है, जो लोगों के लिए सुरक्षित नहीं रहेगा. इस वजह से दिव्य दरबार को रद्द किया गया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 14, 2023, 22:32 IST








