
रिपोर्ट- पवन कुमार राय
साहिबगांज. पति-पत्नी के बीच अनबन की खबरें आम तौर पर हर घर या परिवार से आती है और इन मामलों को आपसी समझ से सुलझा भी लिया जाता है लेकिन क्या कोई पति आपसी रंजिश में पत्नी को ऐसी सजा दे सकता है जिसे सुनकर हर कोई दंग और हैरान रह जाये. हत्या की एक खौफनाक घटना झारखंड से आई है जहां एक शख्स ने पहले तो आउटिंग के बहाने पत्नी को मौत की सजा दी फिर उसके शव के 9 टुकड़े कर जंगलों में फेंक दिया. बोरियो बांछी के चटकी गांव में हुए चर्चित मलोती सोरेन हत्याकांड के आरोपी पति ने पुलिस रिमांड में आने के बाद कई राज उगले हैं.
बांझी के चटकी आंगनबाड़ी केंद्र सेविका मालोती सोरेन की हत्या कर दी गई थी. इस केस में गिरफ्तार पति ने पुलिस के समक्ष चौंकाने वाले खुलासे किये हैं. उसने बताया कि वह अपनी पत्नी को बहाने से झील पर ले गया जहां उसने मारपीट की फिर बेहोश होने पर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसमें दलदली निवासी होपना हांसदा, मंडवा का मंडल मुर्मू और चटकी का नारायण मुर्मू शामिल है.
नारायण मुर्मू आंगनबाड़ी केंद्र की सहायिका का पति है. आरोपियों ने पुलिस के सामने चौंकाने वाला खुलासा किया. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पति तल्लू किस्कू मालोती को नहाने के बहाने अपने साथ झील ले गया. वहां पहले से ही तीन आरोपी मौजूद थे. तल्लू ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की. जब वह बेहोश हो गई तो होपना हांसदा ने ताड़ी निकालने वाले छिमनी (धारदार हथियार) से उसका गला काट दिया. इसके बाद मंडल मुर्मू ने शव को दो भागों में काट दिया, इसमें नारायण मुर्मू ने सहयोग किया.
आरोपियों ने बताया कि महिला के शव को टुकड़े-टुकड़े कर फेंक दिया. आशंका है कि शव के टुकड़ों को जानवर खा गए. पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने वहां कीटनाशक दवा का डब्बा भी रख दिया. पूछताछ के आलोक में पुलिस द्वारा गिरफ्तार अन्य तीन आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है. मालूम हो कि बीते बुधवार शाम को चटकी गांव के जंगल से मानव शरीर के 9 टुकड़े पुलिस ने बरामद किया था. शव आंगनवाड़ी सेविका मलोती सोरेन का था. जिस जगह से पुलिस ने शव के 9 टुकड़े बरामद किए थे ठीक उसी जगह से मृतका के कपड़े, बाल, नाइटी, दुपट्टा, बाइक की चाबी सहित अन्य कई सामान की बरामदगी हुई थी.
मृतका मलोती सोरेन की बहन रानी सोरेन ने बताया कि उसकी बहन का पति तेलू सोरेन का किसी दूसरी औरत के साथ पिछले कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, इसी कारण उसकी बहन से ससुराल में कई बार झगड़ा हुआ और ससुराल वाले उसकी बहन को आए दिन प्रताड़ित करते रहते थे. मामले की छानबीन में करने रांची से डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट पहुंची थी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Brutal Murder, Crime News, Jharkhand news, Wife murder
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 19:38 IST








