
रिपोर्ट- रूपेश प्रधान
साहेबगंज. पश्विमी सिंहभूम के कोल्हान जंगल में नक्सलियों ने फिर से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. गुरुवार को आईईडी विस्फ़ोट हुआ जिसकी चपेट में आकर सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया. घटना गोईलकेरा थाना क्षेत्र के ईचाहातु की है. यहां भाकपा माओवादियों के खिलाफ लगातार चलाये जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान भाकपा माओवादियों द्वारा जमीन के अंदर प्लांट किये गये आइईडी प्रेशर बम के चपेट में आकर बाइक सवार एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गया. घायल जवान को चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिये हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
बाइक पार्क करते हुए ही हुआ धमाका
सर्च ऑपरेशन के दौरान सायतबा कैंप से बाइक पर सवार होकर इचाहातु पहुंचे थे, इसी दौरान सीआरपीएफ जवान शेषमणि सड़क के किनारे कुछ दूरी पर एक पेड़ के नीचे बाईक खड़ी करने गया था. इसी दौरान बाइक का चक्का जमीन के नीचे नक्सलियों द्वारा प्लांट किये गये प्रेशर आइईडी बम के ऊपर चढ़ गया, जिससे प्रेशर आइईडी बम में विस्फोट होने से सीआरपीएफ जवान शेषमणि घायल हो गया, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. सर्च ऑपरेशन के दौरान जवान सड़क किनारे पेड़ों के नीचे बाइक खड़ी करते हैं या स्वयं रुकते हैं, इसे देखते हुए रणनीति के तहत नक्सलियों ने यहां पेड़ के पास जमीन के नीचे आइईडी प्लांट कर दिया था.
नक्सलियों के खिलाफ जनवरी महीने से लगातार चल रहा है सर्च ऑपरेशन
भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील होने की सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा इस क्षेत्र में जनवरी महीने से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इस सर्च ऑपरेशन में चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, 203 बटालियन, 205 बटालियन, झारखण्ड जगुआर एवं सीआरपीएफ 60, 197, 157, 174, 193, 07 एवं सीआरपीएफ 26 बटालियन की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
ग्रामीण भी हो चुके हैं शिकार
सर्च ऑपरेशन के दौरान दर्जनों जवान अब तक नक्सलियों द्वारा प्लांट किये गये प्रेशर आईईडी बमों के चपेट में आकर घायल हो चुके हैं, जबकि प्रेशर आईईडी बमों के चपेट में आकर क्षेत्र के कई ग्रामीणों की जान जा चुकी है और कई लोग घायल भी हो चुके हैं. अभी कुछ दिनों पहले ही इस क्षेत्र में प्रेशर आईईडी बम के चपेट में आकर जंगल में लकड़ी चुनने जा रही एक वृद्ध महिला की मौत हो गयी थी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: IED, IED Blast, Jharkhand news, Naxal attack, Naxal violence, Ranchi news
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 18:15 IST








