
नरेश पारीक/ चूरु. अमूमन किसी भी शादी में बेटी को विदा करते समय मां-बाप, और उनके नाते-रिश्तेदार रो पड़ते हैं. लेकिन राजस्थान के चूरु में हुई एक शादी चर्चा का विषय बन गई है, जहां एक दुल्हन को लेने दूल्हा हेलीकॉप्टर से पहुंचा तो बेटी को विदा करते समय मां-बाप के चेहरे खिल उठे.इलाके भर के लोग इस विदाई को देखने के लिए एकत्र हुए. दरअसल ग्रामीणों के लिए यह पहला मौक़ा था जब उन्होंने गांव की किसी बेटी की विदाई हेलीकॉप्टर से होते देखी.
न्यूज़ 18 डिजिटल से बात करते हुए खींवासर निवासी दूल्हे सुभाष ने बताया कि उसके पिता की इच्छा थी की बहू को लाने के लिए कुछ खास और यूनिक किया जाए और अपने पिता की उसी इच्छा को बेटे ने पूरा करते हुए बहू को गुरुवार को हेलीकॉप्टर से घर लेकर पहुँचा तो दूल्हे-दुल्हन के स्वागत में पूरा का पूरा गांव उमड़ पड़ा.दूल्हे सुभाष ने बताया कि शादी से 15 दिन पहले उन्होंने जयपुर हेलीकॉप्टर की बुकिंग करवा दी थी और हेलीकॉप्टर से दुल्हन को लाने के लिए पूरा खर्च करीब साढ़े 8 लाख रुपए आया.
दूल्हा सिविल इंजीनियर तो दुल्हन बीए पास
खींवासर निवासी दूल्हा सुभाष जहां सिविल इंजीनियर है तो वही तोगावास निवासी ममता बीए पास है. दूल्हे सुभाष ने बताया कि उनके पिता ओमप्रकाश विदेश रहते हैं तो तीन भाइयों में वह सबसे बड़ा है और अभी स्वयं का स्टार्टप शुरू करने की प्लानिग कर रहा है.
साधारण किसान की बेटी है दुल्हन
गांव तोगावास निवासी ममता एक साधारण किसान परिवार की बेटी है ममता के पिता शीशराम मेघवाल खेती,बाड़ी के ज़रिए अपने परिवार का भरण,पोषण कर रहे हैं.दो भाइयों के बीच ममता इकलौती बहन है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
FIRST PUBLISHED : May 11, 2023, 17:04 IST








