कर्नाटक चुनाव के एग्जिट पोल्स से कांग्रेस में खुशियां, राहुल गांधी बोले- ‘बब्बर शेर’ कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बेंगलुरु/ नई दिल्ली. कर्नाटक चुनाव को लेकर बुधवार शाम जारी तमाम एग्जिट पोल्स में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने का अनुमान जताया गया है. इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और खुशियां देखी जा रही हैं. इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद बुधवार को प्रदेश के मतदाताओं का आभार जताया और ‘शानदार और जनोन्मुखी’ प्रचार अभियान के लिए अपनी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की सराहना की.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘मैं शानदार और जनोन्मुखी प्रचार अभियान के लिए कांग्रेस के ‘बब्बर शेर’ कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं. प्रगतिशील भविष्य के लिए इतनी बड़ी संख्या में बाहर आने के लिए कर्नाटक की जनता का धन्यवाद.’

कर्नाटक विधानसभा की सभी 224 सीटों के लिए हुआ मतदान बुधवार शाम 6 बजे समाप्त हो गया और पांच बजे तक करीब 65.69 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.

कांग्रेस ने राज्य में पार्टी के सत्ता में आने पर पांच ‘गारंटी’ को लागू करने का वादा किया है. इनमें सभी घरों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की (गृह ज्योति) योजना, हर परिवार की महिला मुखिया को 2,000 रुपये मासिक सहायता देने की (गृह लक्ष्मी) योजना, बीपीएल परिवार के प्रत्येक सदस्य को 10 किलो चावल मुफ्त देने की (अन्न भाग्य) योजना आदि शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- कर्नाटक महापोल में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी, CM बोम्मई बोले- BJP बनाएगी सरकार

एग्जिट पोल के अनुमानों से कांग्रेस में खुशियां
कर्नाटक में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की जनता दल (सेक्युलर) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है. वहीं, कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को मतदान के बाद आए ज्यादातर चुनाव बाद सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल) में कांग्रेस के सबसे बड़े दल के तौर पर उभरने का अनुमान लगाया गया है.

‘इंडिया टुडे-एक्सिस मॉय इंडिया’ के एग्जिट पोल के मुताबिक, कांग्रेस को 224 सदस्यीय विधानसभा में 43 प्रतिशत मतों के साथ 122 से 140 सीटें मिल सकती हैं तथा बीजेपी को 35 प्रतिशत मतों के साथ 62 से 80 सीटें मिलने का अनुमान है. जनता दल (सेक्युलर) पार्टी को 16 प्रतिशत मतों के साथ 20 से 25 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है. वहीं ‘न्यूज 24-टुडेज चाणक्या’ के सर्वेक्षण में कहा गया है कि कांग्रेस को 120, बीजेपी 92 और जद (एस) को 12 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है. (भाषा इनपुट के साथ)

Tags: Assembly election, Karnataka Assembly Election 2023, Rahul gandhi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें