
गुलशन सिंह/बक्सर. जिले के डूमरांव स्टेशन पर युवा तिरंगा लेकर देश भक्ति के नारे लगा रहे थे. लोग माला लेकर इंतजार में थे. माहौल देख लग रहा था कि किसी बड़े नेता का स्वागत होगा. पर नहीं यह स्वागत था देश के सपूत के लिए. जो सेना में 26 साल की सेवा देने के बाद रिटायर्ड होकर अपने गांव वापस आ रहा था. इनके स्वागत में लोगों ने यह इंतजाम किया था. दरअसल, भारतीय सेना के एएससी कोर में एमटी ट्रेड में हवलदार के पद से सेवा निवृत होकर घर लौटे सैनिक का ग्रामीणों के द्वारा स्वागत किया गया.
26 साल सेवा देने के बाद हुए रिटायर्ड
जिले के डुमरांव प्रखंड के कोपवा गांव के निवासी प्रविन्द कुमार सिंह भारतीय सेना में 26 साल सेवा देने के उपरांत जब वे ट्रेन से डुमरांव स्टेशन पहुंचे तो उनके स्वागत में परिवार के साथ साथ गांव के कई लोग प्लेटफॉर्म पर पहुंचे हुए थे. सैनिक के स्वागत में बैंड बाजा भी बज रहा था. पूर्व सैनिक प्रविन्द कुमार सिंह के पहुंचने पर फूलमाला पहनाकर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. स्टेशन के अलावा ग्रामीणों ने जवान का स्वागत गांव पहुंचने पर भी किया.
1997 में प्रविन्द हुए थे सेना में भर्ती
वहीं सेवा निवृत सैनिक प्रविन्द कुमार सिंह ने कहा कि 26 साल की नौकरी में देश की सेवा करके जो आनन्द और गर्व की अनुभूति हुई है. वो कहीं और नहीं मिल सकती. उन्होंने कहा कि आज देश की सेवा से सेवानिवृत्त होकर घर लौटने पर ग्रामीणों द्वारा किये गए स्वागत से वे गदगद हैं. उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं को सेना में भर्ती होने की ट्रेनिंग गांव पर दूंगा. साथ ही युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की इच्छा शक्ति जागृत करने का प्रयास करूंगा.
सेना की नौकरी पैसा कमाने के लिए नहीं
उन्होंने कहा कि सेना की नौकरी पैसा कमाने के लिए नहीं होती है, बल्कि देशभक्ति दिखाने और देश की सेवा करने के लिए की जाती है. उन्होंने कहा कि मैं अपने जिले के नौजवानों को देश की सेवा के लिए सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करूंगा. उन्होंने बताया कि वे भारतीय सेना में वर्ष 1997 में भर्ती हुए थे. जिसके बाद गया में उन्होंने ट्रेनिंग लिया फिर पहली पोस्टिंग जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में हुई. 26 सालों के बीच कई जगहों पर सेवा देने के बाद अंतिम पोस्टिंग असम के तेजपुर में था. जहांसे हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News in hindi, Buxar news
FIRST PUBLISHED : May 10, 2023, 17:20 IST








