
हिंदू एक सनातन धर्म है. दुनिया के तमाम देशों में इसके अनुयायी फैले हुए हैं. आंकड़ों की बात करें तो पूरी दुनिया में हिंदुओं की आबादी करीब 1.20 अरब है. इसमें 96 करोड़ से अधिक केवल भारत में रहते हैं. इसके बाद हिंदू आबादी वाला दूसरा प्रमुख देश नेपाल और बांग्लादेश है. प्रतिशत के हिसाब से देखें तो भारत में हिंदू आबादी 79.8 फीसदी है वहीं नेपाल में हिंदू आबादी 81.3 फीसदी है. नेपाल में इनकी कुल संख्या करीब 2.15 करोड़ के आसपास है. इसके बाद संख्या के मामले में तीसरे नंबर बांग्लादेश है जहां हिंदुओं की कुल संख्या 1.31 करोड़ के आसपास है. यहां कुल आबादी करीब 16.51 करोड़ में इनकी हिस्सेदारी करीब 8 फीसदी है. आजादी के वक्त यानी 1947 के वक्त बांग्लादेश में हिंदुओं का प्रतिशत करीब 35 फीसदी के करीब बताया जाता रहा है.
खैर आज हम दुनिया में हिंदू आबादी के बारे में बात कर रहे हैं. पश्चिम के कई देशों में हिंदू आबादी तेजी से बढ़ी है. अमेरिका और यूरोप के कई देशों में हिंदू समुदाय के लोगों ने अपनी खास पहचान बनाई है. आज अमेरिका में करीब 25 लाख हिंदू हैं. वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू के मुताबिक इन 25 लाख हिंदुओं में से करीब 90 फीसदी बाहर से आकर अमेरिका में बसे हैं जबकि बाकी के 10 फीसदी मूल अमेरिकी हैं जिन्होंने हिंदू धर्म को अपनाया है. आज अमेरिका और यूरोप के कई देशों में हिंदुत्व एक सम्मानित धर्म बनते जा रहा है.
आधी हिंदू आबादी वाला देश
अब अमेरिका यूरोप से इतर एक अन्य देश की बात करते हैं. इस देश की आधी आबादी हिंदू है. यहां दूसरे नंबर का धर्म ईसाई है जबकि तीसरे नंबर पर मुस्लिम है. इस देश का नाम है मॉरिशस. यह एक अफ्रीकी देश है और यहां पर बसी अधिकतर आबादी भारतीय मूल की है. दरअसल, मॉरिशस की कहानी भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम यानी 1857 के आसपास शुरू होती है. उस वक्त मॉरिशस पर अंग्रेजों का अधिकार था और उन्होंने बतौर बंधुआ मजदूर बड़ी संख्या में भारतीयों को वहां लेकर गए. मॉरिशस एक द्वीप है और यहां खेती के लिए भारतीयों को लाया गया था. इन्हें मुख्य रूप से मौजूदा भारत के बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से लोगों को लाया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक मॉरिशस आज की तारीख में एक खूबसूरत देश है. यहां की 92 फीसदी से अधिक आबादी पढ़ी लिखी है. करीब 2040 वर्ग किमी क्षेत्र वाले इस देश की कुल आबादी मात्र 12.7 लाख है. यहां के लोगों की प्रति व्यक्ति आय 23 हजार डॉलर से अधिक है. आज की तारीख में मॉरिशस की कुल आबादी में करीब 70 फीसदी भारतीय मूल के लोग हैं. दरअसल, एक वक्त में मॉरीशस बड़ी संख्या में विदेशी मजदूर काम करने के लिए लाए गए थे, लेकिन 1968 में ब्रिटिश शासन से मुक्ति के वक्त अधिकतर लोग अपने मूल वतन लौट गए. अब वहां मुख्य रूप से भारतवंशियों का शासन है. इसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों शामिल हैं. यहां हिंदुओं के बाद करीब 30 फीसदी ईसाई और फिर 17 फीसदी के आसपास मुस्लिम हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Mauritius
FIRST PUBLISHED : May 09, 2023, 18:49 IST








